कालाढूंगी चौराहे पर लगाया निःशुल्क स्टॉल

सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी पर्व है, जिनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के कारण देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहकर त्योहार मना पाते हैं। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था ने इस दीपावली पर ‘एक दीया शहीदों के नाम’ अभियान के तहत सराहनीय पहल की। संस्था की ओर से हल्द्वानी के कालाढूंगी चौराहे पर निःशुल्क स्टॉल लगाकर आमजन को 51 हजार मिट्टी के दीये और बाती के पैकेट वितरित किए गए।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं कोषाध्यक्ष बलराम हालदार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को दीपावली पर देश के वीर शहीदों की स्मृति में एक दीया प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित करना रहा। स्टॉल पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस पहल में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और दीये व बाती के पैकेट प्राप्त किए।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं संरक्षक हरीश चन्द पाण्डेय ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय सेना के जवान विषम से विषम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए दिन-रात मुस्तैद रहते हैं। वे अपने प्राणों की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा करते हैं। हजारों फीट की ऊंचाई पर बर्फीली चोटियों, कड़ाके की ठंड और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए दुश्मन की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उसे मुंहतोड़ जवाब देते हैं।
उन्होंने कहा कि सेना के जवानों के इसी अदम्य साहस, त्याग और समर्पण के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने परिवारों के साथ त्योहारों की खुशियां मना पाते हैं। ऐसे वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक भारतीय का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने आगे कहा कि संस्था इसी भावना के साथ 51 हजार मिट्टी के दीये और बाती के पैकेट आमजन को निःशुल्क वितरित कर रही है, ताकि प्रत्येक घर में दीपावली के अवसर पर शहीदों के नाम एक दीया अवश्य प्रज्वलित हो। यह छोटा-सा प्रयास देश के वीर सपूतों के प्रति हमारी अटूट श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बनेगा। संस्था का प्रयास है कि नई पीढ़ी भी शहीदों के त्याग और बलिदान से परिचित हो तथा उनके प्रति सम्मान की भावना सदैव बनाए रखे।
इस दौरान संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, अलका टंडन, रेनू कांडपाल, जया जोशी, तारा पाण्डेय, नवल आर्या, प्रशांत गुप्ता, सूरज मिस्त्री, मनीषा आर्या, वर्तिका जोशी, मनीष साहू, वंश प्रजापति, सुशील राय, सूरज कुम्हार, दीपक कुमार, मुकेश कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
संस्था की यह पहल दीपावली के उल्लास को राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का एक प्रेरणादायी संदेश देती नजर आई।






























