╰┈➤ पुलिस ने लिया संज्ञान, परिजनों को बुलाकर सख्त हिदायत दी
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले में एक नाबालिग ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक आईडी से हेलीकॉप्टर क्रैश होने की भ्रामक खबर फैला दी। यह वीडियो एआई से बनी थी, जो फेक निकली। इससे आमजन में भ्रम फैलने की आशंका पैदा हो गई। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए यूजर और उसके परिजनों को बुलाकर समझाया और भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत देकर छोड़ा।
मामला 2 नवंबर, 2026 का है, जब किसी ने एआई जनरेटेड फेक वीडियो बना डाली। हेलीकाप्टर क्रैश होने संबंधी इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर एक आईडी के जरिये अपलोड कर दिया गया। इस फेक वीडियो से आमजन में भ्रम फैलने की आशंका पैदा हो गई। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देश पर थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में प्रभारी चौकी मोरनौला नरेश कोहली ने संबंधित सोशल मीडिया आईडी के यूजर की जानकारी प्राप्त की। पता चला कि यूजर नाबालिग है। पुलिस ने उसके परिजनों को चौकी मोरनौला बुलाकर सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भ्रामक एवं फेक AI वीडियो अपलोड करने के संबंध में समझाया तथा भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी तथा भविष्य में बच्चे की गतिविधियों एवं सोशल मीडिया उपयोग पर निगरानी रखने और इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न होने देने का आश्वासन दिया। इसी क्रम में अल्मोड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या खबर को बिना सत्यता जांचे साझा करने से बचें। AI तकनीक से तैयार फेक वीडियो एवं भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।









