चेकिंग के दौरान धारदार पातल से किया था पुलिसकर्मियों पर हमला
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में पुलिस टीम पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हुए वांछित अभियुक्त को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जनपद ऊधमसिंह नगर के बाजपुर थाना क्षेत्र के बन्नाखेड़ा से गिरफ्तार किया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से फरार अभियुक्त तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
चेकिंग के दौरान बरामद हुआ था 25.240 किलोग्राम गांजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्तियों की जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 25.240 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया।
धारदार पातल से किया पुलिस टीम पर हमला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम पर धारदार पातल से हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले और अफरा-तफरी के दौरान मौके का फायदा उठाकर जगदीश सिंह फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी और विभिन्न संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू की।
इस मामले में थाना भतरौजखान में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 109(1), 121(1) और 132, शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 तथा स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8/20/60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने फरार अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और विशेष अभियान समूह के प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई तेज की।
गठित टीमों ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से फरार आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगदीश सिंह को बन्नाखेड़ा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर फरार अभियुक्त को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (41 वर्ष), पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
पहले भी दर्ज हो चुका है आबकारी अधिनियम का मामला : पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2017 में रामनगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका : फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना भतरौजखान के अपर उपनिरीक्षक मोहन चन्द्रा तथा कांस्टेबल हरेन्द्र तोमर और कांस्टेबल अरविन्द चौधरी की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को निर्धारित समय के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।










