HomeAccidentहिमाचल प्रदेश अपडेट : भूस्खलन में 50-60 लोगों के फंसे होने की...

हिमाचल प्रदेश अपडेट : भूस्खलन में 50-60 लोगों के फंसे होने की आशंका, ड्राइवर-कंडक्टर समेत चार को बचाया गया – सीएम जय राम ठाकुर

ADVERTISEMENTS

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बुधवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर भूस्खलन होने के कारण यात्रियों से भरी हुई बस और दो कार भी मलबे में दब गई हैं।

⚡ Exclusive Fact Check क्या भारत के शहरों में सचमुच फैल गया है 'जांबी ड्रग'? सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई यहाँ पढ़ें...

ये हादसा किन्नौर जिले के रिकांगपियो-शिमला राजमार्ग पर हुआ है, जहां पर पहाड़ से चट्टानें गिर गई हैं। जानकारी के मुताबिक, करीब 40 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

सजू राम राणा, एसपी किन्नौर ने जानकारी दी कि एनएच पर भाभा नगर थाना अंतर्गत भूस्खलन की सूचना मिली है। उन्होंने कहा हम घटनास्थल पर मौके पर पहुंच रहे हैं। ITBP, पुलिस, होमगार्ड और रेस्क्यू टीम को तैनात किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अधिक जानकारी दी जा सकेगी।

ITBP ने बताया कि एक ट्रक और एक एचआरटीसी बस के मलबे में दब जाने की खबर है। कई लोगों के फंसे होने की सूचना है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें बचाव के लिए रवाना हो गयी है।

प्रशासन द्वारा अब भारतीय सेना और NDRF की मदद ली जा रही है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जो बस फंसी हुई है वह हिमाचल रोडवेज़ की है। जिसमें 40 से अधिक यात्री हैं।

किन्नौर भूस्खलन घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि हमने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया है। एनडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि ये बस किन्नौर से शिमला का सफर कर रही थी। अभी भी कुछ पत्थर पहाड़ से गिर रहे हैं, इसी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ दिक्कत आ रही है। जो बस मलबे में है, उसके ड्राइवर और कंडेक्टर को भी चोट आई है। इनसे अभी फोन से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

घटना स्थल से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वह काफी खतरनाक हैं। जानकारी के मुताबिक, पहाड़ से कुछ मलबा गिरा था, जिसके बाद वहां से गुजर रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए। एक यात्री बस और अन्य कुछ वाहन मलबे के बीचे आ गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज किन्नौर जिले में रिकांग पियो-शिमला राजमार्ग पर भूस्खलन के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए आईटीबीपी के डीजी, निकासी के लिए तैनात टीम से भी बात की।

किन्नौर विधायक जेएस नेगी ने बताया कि भूस्खलन की घटना निगुलसारी के पास हुई है। वहीं मलबे के नीचे एक बस दब गई है। कुछ कारों और एक ट्रक के फंसे होने की आशंका है। बस चालक और एक अन्य व्यक्ति को बचा लिया गया। ITBP की रेस्क्यू टीम मौके पर, बोल्डर गिरने से ऑपरेशन में समस्या बनी हुई है।

17वीं बटालियन, 19वीं बटालियन और 43वीं बटालियन के आईटीबीपी के जवान किन्नौर में नुगुलसारी के पास रिकांग पियो-शिमला हाईवे पर भूस्खलन स्थल पर पहुंच गए है।

“एक बस और एक ट्रक सहित 4 वाहनों के मलबे में फंसने की सूचना है। हताहतों की आशंका,” ITBP का कहना है।

इधर सीएम जय राम ठाकुर ने बताया कि किन्नौर जिले के नुगुलसारी इलाके में एक सड़क पर भूस्खलन के बाद मलबे में 50-60 लोग फंसे हो सकते हैं। मलबे में फंसी बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत चार लोगों को बचा लिया गया है।

बचाव अभियान के लिए भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर हैं। पहाड़ों से लगातार पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है। बचाव दल बचाव अभियान शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर से किन्नौर में भूस्खलन के बाद के हालात को लेकर बात की। पीएम ने जारी बचाव अभियान में हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments