गीत, नृत्य, नाटक, श्लोक उच्चारण और भाषण प्रतियोगिता
सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में बुधवार को 18वें ब्लॉक स्तरीय संस्कृत महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आगाज हुआ। संस्कृत भाषा और संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों में रुचि एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव में विकासखंड के 18 विद्यालयों से आए 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डाइट के पूर्व प्राचार्य शिव दत्त जोशी, विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य आनंद बल्लभ पांडे, पीटीए अध्यक्ष रितु तिवारी, एसएमसी अध्यक्ष जानकी देवी तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव के प्रथम दिवस जूनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने संस्कृत गीत, नृत्य, वाद-विवाद, आशु भाषण, श्लोक उच्चारण और नाटक जैसी विधाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रति अपनी समझ, उच्चारण क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और मंचीय प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में समूह गान में कमलेश्वर वेद विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य में राजकीय इंटर कॉलेज गरजौली, वाद-विवाद में राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय, आशु भाषण में राजकीय इंटर कॉलेज रिखोली, श्लोक उच्चारण में राजकीय इंटर कॉलेज ताड़ीखेत तथा संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में कमलेश्वर वेद विद्यालय ने बाजी मारी।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं टीमों को क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा के साथ ही संस्कृत के प्रति रुचि और उत्साह को बढ़ावा मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी एवं ब्लॉक संयोजक डॉ. अरविंद मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने महोत्सव में उपस्थित होने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के अधिकांश संस्कृत शिक्षक उपस्थित रहे।
महोत्सव को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कृत की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।
महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को सीनियर वर्ग की विभिन्न आकर्षक एवं रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं को लेकर प्रतिभागियों और शिक्षकों में खासा उत्साह बना हुआ है।









