HomeBreaking Newsदिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गिरफ्तार, CBI की चली 8 घंटे...

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गिरफ्तार, CBI की चली 8 घंटे पूछताछ

नई दिल्ली| शराब नीति केस में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI ने रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया। CBI ने 8 घंटे लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। बताया गया है कि आबकारी विभाग के एक IAS अफसर ने CBI की पूछताछ में सिसोदिया का नाम लिया था। अफसर ने कहा- सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनवाई थी, जिससे सरकार को मुनाफा नहीं हो, व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई थी।

ADVERTISEMENTSAd Ad

सूत्रों की मानें तो अफसर ने सिसोदिया पर सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया था। CBI ने सिसोदिया और अफसर को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो उन्होंने कई सवालों के जवाब नहीं दिए। यही सिसोदिया की गिरफ्तारी की वजह बनी। सिसोदिया को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले उनका मेडिकल टेस्ट होगा। सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद CBI मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पहले जानिए क्या है पूरा मामला

CBI ने पिछले साल 19 अगस्त को मनीष सिसोदिया समेत 15 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इसमें तत्कालीन एक्साइज कमिश्नर समेत तीन अफसर, दो कंपनियां और नौ कारोबारी शामिल थे। CBI ने दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया था।

दरअसल, 8 जुलाई 2022 को दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को एक रिपोर्ट भेजी थी। इसमें एक्साइज मंत्री सिसोदिया पर उपराज्यपाल की मंजूरी के बिना नई आबकारी नीति बनाकर फर्जी तरीके से पैसा कमाने का आरोप लगाया था।

रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना के समय शराब विक्रेताओं ने लाइसेंस शुल्क माफी के लिए दिल्ली सरकार से संपर्क किया। सरकार ने 28 दिसंबर से 27 जनवरी तक लाइसेंस शुल्क में 24.02% की छूट दे दी थी। इससे सरकारी खजाने को 144.36 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

AAP ने कहा- सिसोदिया को सरकारी स्कूलों को सुधारने की सजा मिली

➡️ AAP प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा- मनीष के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला, फिर गिरफ्तारी कैसे हुई। दोनों चार्जशीट में सिसोदिया का नाम नहीं है। अब CBI कोर्ट में कहेगी, ये बड़े प्रभावी हैं। इसलिए इन्हें जांच होने तक जेल में रखा जाए।

➡️ AAP विधायक आतिशी ने कहा- मनीष सिसोदिया ने आठ साल में दिल्ली के सरकारी स्कूलों की काया पलट कर दी। उन्हें इसी की सजा मिल रही है। भाजपा कह रही है कि ये 10 हजार करोड़ रुपए का घोटाला है। ये पैसा कहां है। CBI ने सिसोदिया के घर, उनके रिश्तेदारों, दोस्तों तक की तलाशी ली, लेकिन ये रुपया नहीं मिला। ये रुपए कहां हैं। सरकार ये नहीं बता पा रही है।
➡️ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतहा है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा- यह लोकतंत्र के लिए काला दिन।

भाजपा ने कहा- अगला नंबर केजरीवाल का

भारतीय जनता पार्टी ने कहा- सिसोदिया को तो गिरफ्तार होना ही था, अगला नंबर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का है। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया- मैं शुरू से कह रहा हूं केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे। इनमें से दो लोग जेल जा चुके, अगला नंबर केजरीवाल का है।

संबित पात्रा बोले- सिसोदिया दुनिया के पहले शिक्षा मंत्री जो शराब घोटाले में अरेस्ट हुए

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा- सिसोदिया पहले ऐसे शिक्षा मंत्री हैं, जो शराब घोटाले में गिरफ्तार हुए हैं। उन्होंने स्कूल के आसपास शराब दुकानें खुलवाकर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ किया। केवल कमीशन के लिए आम आदमी पार्टी ने स्कूल, मंदिर के पास और मोहल्लों में शराब की दुकानें खुलवाईं। एक साल से केजरीवाल या उनके किसी साथी ने आबकारी नीति पर कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। इस नीति को आनन-फानन में वापस लिया गया।

संजय सिंह बोले- मुझे अरेस्ट किया, पुलिस का इनकार

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें, मंत्री गोपाल राय, विधायक ऋतराज झा, दिनेश मोहनिया, रोहित मेहरौलिया, आदिल खा समेत कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ फतेहपुर बेरी थाने में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तारी से इनकार किया है। पुलिस ने कहा कि इन्हें हिरासत में रखा गया है।

सिसोदिया के घर पहुंचे दिल्ली और पंजाब के CM

मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके घर पहुंचे। उन्होंने सिसोदिया की मां और पत्नी समेत अन्य परिजनों से मुलाकात की। केजरीवाल ने कहा- देश में शरीफों को, ईमानदार लोगों को पकड़कर जेल में डाल रहे हैं। जिन्होंने अरबों रुपयों का घोटाला किया है, उन्हें नोटिस तक नहीं दिया।

मनीष के बेटे बाहर पढ़ रहे हैं। उनकी वाइफ की तबीयत खराब है। हम उन्हें सांत्वना देकर आए हैं। सिसोदिया ने सुबह ट्वीट किया था कि मेरे परिवार का ध्यान रखना। इस पर केजरीवाल ने लिखा था- मनीष चिंता मत करो। मान ने कहा- हमारी पार्टी आंदोलन से निकली है। हम डरने वाले नहीं हैं। भाजपा हमारी टीम को तोड़ना चाहती है। ये कायरतापूर्ण कार्रवाई है।

मां का आशीर्वाद लेकर निकले थे सिसोदिया, 15 मिनट लेट CBI दफ्तर पहुंचे

रविवार को जांच में शामिल होने के लिए सिसोदिया घर से निकलने से पहले मां से मिले और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद रोड शो करते हुए CBI दफ्तर पहुंचे। सिसोदिया के साथ उनके हजारों समर्थक भी थे। सभी हेडक्वार्टर के पास धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे थे।

प्रोटेस्ट बढ़ता देख पुलिस ने धारा-144 लगा दी। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय और AAP सांसद संजय सिंह सहित कई समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था न बिगड़े इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया।

सिसोदिया ने CBI दफ्तर जाने से पहले समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने खुद को भगत सिंह का अनुयायी बताते हुए कहा कि वो देश के लिए शहीद हो गए थे, हमारे लिए तो झूठे आरोपों के लिए जेल जाना बहुत छोटी चीज है​।​​​​​​ सिसोदिया को 11 बजे दिल्ली के लोधी रोड पर CBI के हेडक्वॉर्टर पहुंचना था, लेकिन वे करीब 15 मिनट लेट पहुंचे।

उत्तराखंड (बेहद दुःखद) : करंट लगने से नौ माह की गर्भवती महिला और छात्रा की मौत, दोनों घरों में कोहराम

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments