वारदात की साजिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार
जानिए, बदमाशों का आपराधिक इतिहास
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। जेल परिसर के पास एक व्यक्ति का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में धारा 61(2), 351(2) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को अराज सिंह सिद्धू पुत्र गुरनाम सिंह सिद्धू, निवासी दीहोरी फार्म, बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर ने हल्द्वानी थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने मित्र से मिलने बाजपुर से हल्द्वानी जेल आए थे।
आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या यूके 06 आर 8499 से उनका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने साजिश के तहत उनका पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी।
वादी ने पुलिस को यह भी बताया कि उक्त लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा घटना के अनावरण के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और 25 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टालने में सफलता मिली।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 24 वर्ष; मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 24 वर्ष; तथा गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार सौरभ बावा के विरुद्ध थाना गदरपुर में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामला दर्ज है।
गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के विरुद्ध भी थाना गदरपुर में हत्या और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामला दर्ज बताया गया है।
मानव वाट के विरुद्ध थाना बाजपुर में वर्ष 2022 का हत्या संबंधी मामला तथा वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामला दर्ज बताया गया है।
एक अन्य साथी को पहले ही तमंचे के साथ पकड़ा था
पुलिस के अनुसार आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 32 वर्ष को 24 अगस्त को ही एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसे भी जेल भेज दिया गया था।
इस गिरफ्तारी के बाद जेल परिसर के आसपास कथित आपराधिक गतिविधि से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच और कार्रवाई और तेज हुई।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों तथा आपराधिक गिरोहों पर लगातार पैनी नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने समय रहते सटीक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, अपर उपनिरीक्षक राम सिंह अधिकारी, उपनिरीक्षक भुवन सिंह राणा, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल नागरिक पुलिस धीरेन्द्र अधिकारी, कांस्टेबल राहुल राणा और कांस्टेबल कुन्दन सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





