पति की दीर्घायु की मांगी कामना
दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुँचीं महिलाएँ
सीएनई रिपोर्टर, काकड़ीघाट: पूजनीय संत बाबा नीम करौली महाराज की पावन तपोस्थली पर आज धार्मिक श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला। यहाँ स्थित पवित्र वट वृक्ष (बरगद के पेड़) की पूजा-अर्चना करने के लिए आज सैकड़ों की संख्या में महिला श्रद्धालु उमड़ पड़ीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ वट वृक्ष पर सूत बांधकर और तिलक-अर्चन कर अपने पति की लंबी उम्र (दीर्घायु) और सुख-समृद्धि की कामना की।


इस धार्मिक अनुष्ठान में भागीदारी करने के लिए केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि आस-पास के कई गांवों और शहरों से भारी संख्या में महिलाएं काकड़ीघाट पहुँचीं। मुख्य रूप से सुयालबाड़ी, काकड़ीघाट,नौगांव, मनरसा, अल्मोड़ा, चौसली आदि से भक्तजन पहुंचे। इसके अलावा अन्य कई निकटवर्ती क्षेत्रों से भी महिलाओं ने यहाँ पहुँचकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन किए।
इस पावन अवसर पर कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से कुसुम सुयाल, दीपा, ममता, लता और पूजा, ब्लागर नीलम सुयाल, मदन मोहन सुयाल आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु भी इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने और बाबा नीम करौली महाराज की तपोस्थली से आशीर्वाद प्राप्त किया।


