HomeDelhiमतदाताओं ने लगायी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर मुहर -...

मतदाताओं ने लगायी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर मुहर – प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच राज्यों में से चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर प्रसन्नता जताते हुए गुरुवार को कहा कि मतदाताओं ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर मुहर लगाई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

मोदी ने चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद यहां भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “कार्यकर्ताओं ने मुझसे दावा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी और यह वादा उन्‍होंने पूरा करके दिखा दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत करके यह जीत हासिल करवाई।”

उन्होंने कहा, “हमने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के ‘डिलीवरी सिस्टम’ को दुरूस्त किया है और मैं गरीब के घर तक उसका फायदा पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला नहीं हूं। योजनाओं को शत प्रतिशत तक हर गरीब पहुंचाने के लिए बहुत हिम्मत की जरूरत पड़ी, लेकिन हमने यह कर दिखाया। ”

मोदी ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि माताओं, बेटियों और बहनों ने चुनाव में भाजपा को भरपूर समर्थन दिया। स्त्री शक्ति भाजपा की जीत की सारथी बनी हैं। जहां-जहां पार्टी प्रत्याशियों को जीत मिली वहां-वहां महिलाओं के मत ज्यादा मिले। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता नहीं है क्योंकि वह स्त्री शक्ति का सुरक्षा कवच लेकर चलते हैं । उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को कई मुख्यमंत्री दिए, लेकिन पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री को जनता ने पहली बार दोबारा चुना है।

मोदी ने कहा कि गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत निकल गए, वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। दस वर्ष सरकार रहने के बाद भी वहां भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी लगातार दूसरी बार किसी पार्टी को बहुमत मिला है। मणिपुर में भाजपा को शानदार जीत हासिल हुई। देश की हर दिशा से भाजपा को सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि जनता को जातिवादी नजरिए से देखना बंद होना चाहिए। कुछ लोग उत्तर प्रदेश को बदनाम करते हैं कि यहां सिर्फ जाति ही चलती है, लेकिन राज्य की जनता 2014, 2017, 2019 और 2022 में सिर्फ और सिर्फ विकासवाद की राजनीति को चुना है। अब जनता ने सबक सिखा दिया था कि जाति का मान और गरिमा देश को जोड़ने के लिए होना चाहिए न कि तोड़ने के लिए।

उत्तराखंड में भाजपा को मिली 47 सीटें और कांग्रेस को 17, दो निर्दलीयों ने मारी बाजी

मोदी ने कहा, “मैं आज ये भी कहूंगा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ राजनीतिक ज्ञानियों ने कहा था कि 2017 के नतीजों ने 2019 के नतीजे तय कर दिए। मैं मानता हूं, इस बार भी वो यही कहेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए। इस चुनाव में मैंने लोगों को बताया कि कैसे परिवारवाद प्रदेश-देश को पीछे ले जा रहा है। इस बात को लोगों ने समझा और इससे ऊपर उठकर वोट दिया। जिन मुद्दों को मैं उठा रहा हूं, उन पर बहस होनी जरूरी है। एक दिन ऐसा आएगा कि इस देश में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त लोग करके रहेंगे। इसी चुनाव से मतदाताओं ने इस बात का इशारा कर दिया है।”

वहीं पंजाब में चुनावी परिणाम को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में एक शक्ति के रूप में उभर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वह आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की और देश की मजबूती को एक अहम स्थान के रूप में विकसित करेंगे।”

उन्होंने कहा “इस समय जो युद्ध चल रहा है, उसका प्रभाव प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से दुनिया के हर देश पर पड़ रहा है। भारत शांति के पक्ष में है। जो देश युद्ध लड़ रहे हैं, उनसे भारत के आर्थिक हित जुड़े हुए हैं। युद्ध के कारण पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ रही है, लेकिन भारत के इस बार के बजट पर नजर डालें तो देश आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ रहा है। दुनिया भर में उथल पुथल से भरे माहौल में उत्तर प्रदेश जैसे राज्य ने अपनी दूरदृष्टि का परिचय दिया है। भारत के मतदाताओं ने जिस तरह स्थिर सरकार के लिए वोट दिया, वो इस बात का प्रतीक है कि लोकतंत्र भारतीयों की रगों में हैं।

मोदी ने कहा कि देश का सामान्य नागरिक राष्ट्र निर्माण में जुटा है और अपनी जिम्मेदारियों को बहुत अच्छे तरीके से निभा रहा है,लेकिन कुछ लोग राजनीति के स्तर को गिराते जा रहे हैं। कोरोना के समय देखा जाए तो भारत के टीकाकरण की दुनिया तारीफ कर रही थी, लेकिन ये लोग सवाल उठा रहे थे। यही लोग यूक्रेन में फंसे लोगों की चिंता बढ़ा रहा थे। इन्हीं लोगों ने ऑपरेशन गंगा को भी प्रदेशवाद की बेड़ियों में बांधने की कोशिश की। हर योजना को प्रांतवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, संप्रदायवाद देना बहुत ही चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष 2014 में ईमानदारी का वादा करके चुनाव जीती थी, जब हमने यह कर दिखाया तो वर्ष 2019 में भी हमें जनता ने आशीर्वाद दिया। लेकिन आज हम देख रहे हैं कि जो निष्पक्ष संस्थाएं भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करती हैं तो भ्रष्टाचारियों का पूरा ‘ईको सिस्टम’ जांच एजेंसियों पर दबाव बनाने लगे हैं। इन लोगों को न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ” पहले हजारों करोड़ों का भ्रष्टाचार करो, फिर जांच न होने दो और अगर जांच हो तो फिर दबाव बनाओ। किसी माफिया के खिलाफ अदालत फैसला सुना देती है तो ये लोग उसे धर्म और राजनीति से जोड़ देते हैं। मैं सभी संप्रदायों और जाति धर्मों से आग्रह करना चाहता हूं कि भ्रष्टाचारी और माफियाओं से दूरी बनाएं ताकि सबका भला हो।”

उन्होंने कहा कि आज एक ऐसे भारत का निर्माण हो रहा है, जहां आपकी पहचान आपके काम से होती है, न कि आपके परिवार से। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास सभी राज्यों को आगे ले जाने का काम करेगा। युवाओं की इसमें महती भूमिका है।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments