✸ सड़क सुविधा की मांग पूरी नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: जिला मुख्यालय से महज पांच किमी दूर स्थित ग्राम सभा मालता के छतीना तोक में सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने नारेबाजी के साथ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि छतीना गांव में लगभग 200 लोग निवास करते हैं तथा उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जिला मुख्यालय आना पड़ता है। सड़क सुविधा न होने के कारण ग्रामीणों को चार किमी की खड़ी चढ़ाई पैदल तय करनी पड़ती है। क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सब्जियों का उत्पादन होता है, लेकिन सड़क सुविधा के अभाव में किसान अपनी उपज बाजार तक आसानी से नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इससे उन्हें उचित दाम नहीं मिल पाता और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गांव के स्कूली बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कठिन पैदल मार्ग के कारण बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। बरसात तथा खराब मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है। सड़क निर्माण को लेकर कई बार संबंधित विभाग को पत्र भेजे गए और कई बार सर्वे भी हो चुका है, लेकिन विभागीय हीलाहवाली के चलते आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव सड़क सुविधा से वंचित है। इस अवसर पर गोपाल सिंह बोरा, अनीता देवी, माया देवी, सुनील कुमार, कैलाश राम सहित अनेक ग्रामीणों उपस्थित थे।


