╰┈➤ अल्मोड़ा के मल्ला महल स्थित ऐतिहासिक राम मंदिर में प्रज्वलित हुए 251 दीप
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: अयोध्या में 30 अक्टूबर 1990 को हुई पहली कारसेवा की 36वीं वर्षगांठ पर विश्व हिंदू परिषद, अल्मोड़ा की ओर से नगर निगम सभागार में संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान राम जन्मभूमि आंदोलन में बलिदान देने वाले कारसेवकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत मल्ला महल स्थित राम मंदिर में 251 दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कमल ने राम जन्मभूमि आंदोलन के ऐतिहासिक संघर्ष और उसके विभिन्न पड़ावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर 1990 को कारसेवा के आह्वान के साथ राम जन्मभूमि आंदोलन ने व्यापक स्वरूप ग्रहण किया। इस आंदोलन ने देशभर में हिंदू समाज को एकजुट किया। 6 दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचे के ध्वस्त होने के बाद रामलला को अस्थायी रूप से खुले आसमान के नीचे विराजमान किया गया। उन्होंने कारसेवकों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
गुरुरानी व भंडारी सम्मानित
इस मौके पर वर्ष 1990 के राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कारसेवक राजीव गुरुरानी एवं रंजीत भंडारी को सम्मानित किया गया। वहीं मनीष कुमार जोशी एवं राजीव गुरुरानी द्वारा तैयार लगभग 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें 13 अक्टूबर 1990 को अल्मोड़ा में घटित घटनाक्रम को प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर राजीव गुरुरानी ने कहा कि वर्ष 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अल्मोड़ा में जो घटनाक्रम हुआ, वह यहां के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आज की पीढ़ी को उस संघर्ष और उससे जुड़ी घटनाओं की जानकारी होना आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष गोविंद रावत ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन केवल मंदिर निर्माण का संघर्ष नहीं था, बल्कि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा विषय था। इस आंदोलन में असंख्य लोगों ने अपना योगदान दिया। कारसेवकों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। संचालन जिला मंत्री विजय सिराड़ी ने किया। इस मौके पर नगर निगम के महापौर अजय वर्मा, विहिप के संगठन मंत्री वेद प्रकाश, पूर्व विहिप अध्यक्ष विपिन भट्ट, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, ललित लटवाल, धर्मेंद्र बिष्ट, बजरंग दल संयोजक वैभव जोशी, मनोज रावत, हेमंत रावत, जितेंद्र बिष्ट, राजेंद्र मेहता, गोपाल नयाल, राजीव राज गुरुरानी, मनोज सनवाल, त्रिलोचन जोशी, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा पूनम पालीवाल, शांति नयाल, दीपा बिष्ट, दिनेश मठपाल, ईश्वर उपाध्याय, विनीत पांडे, मनीष जोशी, संजय भट्ट, संजय सेनारी, गौरव पांडे, अमन मेहता, सुभाष तिवारी, रुद्राक्ष गुरुरानी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।









