बच्ची नगर में हुई चोरी का बड़ा खुलासा
3.17 लाख 500 की नकदी व दस्तावेज बरामद
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने बच्ची नगर नंबर 01 स्थित एक कार्यालय का शटर और ताला तोड़कर लाखों रुपये उड़ाने वाले शातिर चोर को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी बबलू के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3,17,500 रुपये की भारी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि यह पूरी कार्रवाई नैनीताल पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमल में लाई गई है। पीड़ित विक्रम सिंह कनवाल (पुत्र मोहन सिंह कनवाल, निवासी: हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी, मुखानी, नैनीताल) की तहरीर पर थाना मुखानी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।
ज्ञात रहे कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ० मंजुनाथ टी.सी. द्वारा जनपद में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा पंजीकृत मामलों का तत्काल अनावरण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल के कुशल मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में इस बड़ी चोरी का खुलासा किया गया है।
क्या था पूरा मामला ?
गत 27 मई 2026 को वादी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में तहरीर दी थी कि किसी अज्ञात चोर ने उनके बच्ची नगर नंबर 01 स्थित कार्यालय के शटर का ताला तोड़कर अंदर रखे लगभग 3,50,000 रुपये (साढ़े तीन लाख रुपये) और उनके आवश्यक व्यक्तिगत दस्तावेज चोरी कर लिए हैं। वादी की तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आस-पास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया गया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। संदिग्ध की तलाश के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 28 मई 2026 को पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी सर्विलांस एवं मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर मुखानी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान लामाचौड खास के पास से आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
पकड़े गए आरोपी की पहचान बबलू (उम्र 31 वर्ष) पुत्र डोरी लाल के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, पोस्ट ऑफिस काठघरिया, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल में रह रहा था। आरोपी मूल रूप से ग्राम बरखेडा, पोस्ट ऑफिस भोपतपुर, थाना बरखेडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश का निवासी है।
गिरफ्तार आरोपी बबलू की जामा तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई रकम में से 3,17,500 रुपये नकद और वादी का चोरी गया दस्तावेज बरामद हुआ। इस बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 (2) की वृद्धि की गई है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी विभिन्न थानों और जनपदों से जुटाई जा रही है।
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली मुखानी पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रोहित और कॉन्स्टेबल पूरन सिंह शामिल रहे।


