Bageshwar Breaking: कूड़ा फैंकने को लेकर बवाल, कूड़ा वाहन रोके

— वार्ता को पहुंचे एसडीएम ईओ ने सुनी खरी—खोटी, वार्ता असफल सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: पुलिस लाइन मालता के समीप नगर पालिका को कूड़ा डालने पर…

— वार्ता को पहुंचे एसडीएम ईओ ने सुनी खरी—खोटी, वार्ता असफल

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: पुलिस लाइन मालता के समीप नगर पालिका को कूड़ा डालने पर आज ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कूड़ा वाहन रोका और वहीं पर धरने में बैठ गए। विवाद की सूचना के बाद में एसडीएम और ईओ वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन वार्ता असफल रही, उल्टा उन्हें ग्रामीणों की खरी—खोटी सुननी पड़ी। मसले को लेकर 11 गांवों के प्रधानों, एक जिला पंचायत और 05 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आरपार की जंग का ऐलान कर दिया है।

दफौट युवा समिति में मालता में नगर के 11 वार्डों का कूड़ा निस्तारण करने पर आक्रोश है। उन्होंने दो कूड़ा वाहन उतरने नहीं दिए। वह विरोध में धरने पर बैठ गए हैं। कहा कि कि बागेश्वर शहर का कूड़ा पुलिस लाइन के समीप डाला जा रहा है। मार्ग पर कूड़ा होने से प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार पूर्व में आंदोलन किए। प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया। बावजूद कूड़ा पूर्ववत इसी स्थान पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा है कि यदि इस स्थान पर कूड़ा डालना बंद नहीं किया तो वह आंदोलन तेज करेंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

एसडीएम हरगिरी और अधिशासी अधिकारी सतीश कुमार ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें भी जमकर खरी खोटी सुनाई। कहा कि कूड़ा जलाया भी जाता है। जलता कूड़ा पर्यावरण व लोगों के लिए घातक हो सकता है। वहीं जहरीले रसायनों व प्लास्टिक कचरे का असर जीवनदायिनी नदियों के सेहत पर भी पड़ रहा है। दमा, किडनी, फेफड़ों आदि के रोग होने की संभावना बनी है। पालिका जैविक-अजैविक कूड़े का अलग-अलग निस्तारण करने का दाव करती है, लेकिन फिर भी प्लास्टिक कचरे में शामिल होकर निस्तारण वाले स्थान तक पहुंच रहा है। इधर, ईओ ने कहा कि ग्रामीणों से वार्ता चल रही है। ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि मिली है।शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है। इस मौके पर जिपंस मदन राम, पवन कुमार, आनंद तिवारी, कुंदन कनवाल, संतोष दफौटी, उमेश दफौटी, गणेश रावत, रणजीत दफौटी, सुंदर सिंह, हयात राम, योगेश पांडे, हेमंत बिष्ट, मदन कनवाल, शंकर नगरकोटी, हेम तिवारी, विवेक दफौटी, सुरेंद्र कनवाल आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *