Breaking NewsNationalUttar Pradesh

यूपी का बजट – 9 लाख आउटसोर्स कर्मियों की सैलरी बढ़ाई, 92 हजार नई नौकरी

UP News | यूपी की योगी सरकार ने गुरुवार को 2025-26 का बजट पेश किया। सीएम ने कहा, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए सेवा निगम बनेगा। न्यूनतम मानदेय 20 हजार रुपए दिया जाएगा। अभी तक उन्हें 16 हजार रुपए मिल रहे थे। प्रदेश में इस समय करीब 9 लाख आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं। बजट में मध्यप्रदेश-राजस्थान की तर्ज पर पहली बार 12वीं के रिजल्ट में अच्छे नंबर लाने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को फ्री में स्कूटी देने का ऐलान किया गया है। इसमें यूपी बोर्ड के अलावा सीबीएसई को भी शामिल किया जाएगा। 400 करोड़ का बजट तय किया है।

विधानसभा में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, युवाओं को रोजगार के लिए ब्याजमुक्त लोन दिया जाएगा। युवाओं को स्मार्ट फोन और टैबलेट पहले की ही तरह दिए जाएंगे। प्रतियोगी छात्रों को घर के पास ही कोचिंग सुविधा मिले, इसके लिए सभी जिलों में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग खोली जाएंगी। हर साल 1 लाख नए सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना की जाएगी। लखनऊ में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिटी बनाने का ऐलान भी किया गया है। मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ का बजट दिया गया है।

यूपी में 4 नए एक्सप्रेस-वे को मंजूरी

>> आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से गंगा एक्सप्रेस-वे को कनेक्ट करने के लिए एक्सप्रेस-वे बनेगा। इसके लिए 900 करोड़ रुपए दिए।
>> गंगा एक्सप्रेस–वे को प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र से जोड़ने के लिए विंध्य एक्सप्रेस-वे बनेगा। 50 करोड़ रुपए का बजट तय किया।
>> मेरठ को हरिद्वार से जोड़ने के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे का विस्तारीकरण एक्सप्रेस–वे बनेगा। इसके लिए भी 50 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
>> बुंदेलखंड-रीवा एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

वित्तमंत्री ने विधानसभा में सपा सदस्यों की तरफ इशारा करते हुए कहा- आपकी समस्या सॉल्व होगी। छुट्‌टा पशुओं के लिए 2 हजार करोड़ दिए गए हैं। 58 नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। अयोध्या में सोलर सिटी बनेगी। 8 डेटा सेंटर पार्क तैयार होगा। वित्त मंत्री ने 1 घंटे 41 मिनट का बजट भाषण दिया। योगी 2.0 सरकार यह चौथा और यूपी का अब तक का सबसे बड़ा बजट है।

बजट से पहले वित्तमंत्री ने शेर पढ़ा, फिर रामचरितमानस की चौपाई। कहा, इस धरा से हर अंधेरे को मिटाकर सूर्य का पर्याय बनना चाहता हूं, आदमी के शौर्य के इतिहास का श्रेष्ठतम अध्याय बनना चाहता हूं। वित्त मंत्री ने गुरुवार सुबह घर में पूजा की। इसके बाद वह सीएम आवास पहुंचे। यहां बजट को कैबिनेट की मंजूरी दी गई। फिर बजट लेकर वित्तमंत्री विधानसभा पहुंचे। सुरेश खन्ना ने आज लगातार छठवीं बार बजट पेश किया। वह 2020 से लगातार बजट पेश कर रहे हैं। यूपी के लिहाज से यह एक रिकॉर्ड है।

योगी बोले- आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए निगम बनेगा, न्यूनतम 4 हजार रुपए बढ़ाए

सीएम योगी ने कहा, विभिन्न सरकारी विभागों और निगमों में आउटसोर्सिंग कर्मियों के न्यूनतम मानदेय 16 हजार रुपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाएगा। यह पारिश्रमिक सीधे अकाउंट में मिल सके, यह सुनिश्चित किया जाएगा। आउटसोर्सिंग प्रक्रिया को सुनियोजित और पारदर्शी बनाने के उ‌द्देश्य से सेवा निगम गठित किया जाएगा।

हर जिले में बनेगा कैंसर डे केयर सेंटर – वित्त मंत्री ने कहा, बजट 2025-26 में यूपी सरकार ने कैंसर की दवाइयों को सस्ते करने की दिशा में बहुत बड़ा महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केयर सेंटर बनाने का निर्णय भी इस बजट में किया गया।

7 जिलों में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला हॉस्टल बनेंगे – निराश्रित महिलाओं की पेंशन के लिए 2980 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 700 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वाराणसी, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नगर, झांसी और आगरा में मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला हॉस्टल बनाने के लिए नई योजना ला रहे हैं। कोविड के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खोया है उनकी देखभाल के लिए 252 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

पूर्वांचल और बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को दूर किया जाएगा – वित्त मंत्री ने कहा- वाराणसी, अलीगढ़ और श्रावस्ती एयरपोर्ट का विस्तार होगा। गोरखपुर एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल बनाया जाएगा। आगरा एयरपोर्ट पर नए सिविल और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। ललितपुर स्थित हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। पूर्वांचल के पिछड़ेपन को कम करने के लिए 575 करोड़ रुपए और बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को कम करने के लिए 425 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे। गन्ना मूल्य के भुगतान के लिए 475 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बंद पड़ी छाता चीनी मिल पर 2000 टीसीडी क्षमता की नई चीनी मिल बनाई जाएगी।

2100 सरकारी नए नलकूप बनाए जाएंगे – सुरेश खन्ना ने कहा, महाराजगंज में रोहिन नदी बैराज पूरा होने पर 4.74 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई हो सकेगी। इससे 6.77 लाख किसानों को फायदा होगा। यूपी में 6600 सरकारी नलकूपों को संवारा जाएगा। नए 2100 सरकारी नलकूप बनाए जाएंगे। डार्क जोन में 569 फेल सरकारी नलकूप को रीबोर कराया जाएगा। नहरों और सरकारी नलकूपों से किसानों को फ्री पानी की सुविधा के लिए 1300 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

बांके बिहारी कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ रुपए – बजट में श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर के लिए जमीन खरीद के लिए 100 करोड़ रुपए और निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा, मिर्जापुर के त्रिकोणीय क्षेत्र में मां विंध्यवासिनी मन्दिर, मां अष्टभुजा मन्दिर, मां काली खोह मंदिर की परिक्रमा पथ को विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपए और वृहद निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए का इंतजाम किया गया है। सीतापुर के नेमिषारण्य में वेद विज्ञान केंद्र की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

2700 करोड़ रुपए से गांव की सड़कें बनाई जाएंगी – वित्त मंत्री ने कहा, यूपी में नॉर्थ साउथ कॉरिडोर के विकास के लिए 200 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पुल और रेल ओवरब्रिज के लिए 1450 करोड़ रुपए खर्च होंगे। स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के लिए 2900 करोड़ रुपए खर्च होंगे। गांव की सड़कें बनाने पर 2700 करोड़ रुपए खर्च होंगे। शहरों के बाईपास, रिंगरोड और चौराहों पर फ्लाईओवर के लिए 1200 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पार्क बनाने और संवारने के लिए 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 1 हजार करोड़ खर्च होंगे – वित्त मंत्री ने कहा, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 1000 करोड़ रुपए तय किए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए 225 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

वाराणसी में होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बनेगा – वित्त मंत्री ने कहा, साल 2025-26 में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय गोरखपुर का निर्माण काम पूरा किया जाएगा। अयोध्या में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय का निर्माण काम पूरा किया जाएगा। वाराणसी में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। 5.13 करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। पूरे देश में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। PHC यानी प्राथमिक स्वास्थ्य इकाईयों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से पोषित PPP मोड पर फ्री डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। PPP मोड पर जिला अस्पतालों चिकित्सालयों में सीटी स्कैन की फ्री सुविधा दी जा रही है।

यूपी में मेडिकल की 1500 सीटें बढ़ेंगी – वित्त मंत्री ने कहा, इस समय यूपी में सरकारी और निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों, विश्वविद्यालयों में एमबीबीएस की 11 हजार 800 सीटें और पीजी की 3971 सीटें हैं। केंद्र सरकार ने 2025-26 में यूजी और पीजी के लिए कुल 10 हजार सीटें जोड़े जाने की घोषणा की गई है, जिसमें से 1500 सीटें उत्तर प्रदेश को मिलेंगी। इसके लिए 2066 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बलिया और बलरामपुर में राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के लिए 52 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

16 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे – 13 सेल्फ फाइनेंस मेडिकल कॉलेज और PPP मोड पर 3 जिलों महाराजगंज, संभल और शामली में नए मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। इस समय यूपी में 80 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 44 राज्य सरकार के और 36 निजी हैं। यूपी में 2 एम्स और IMS BHU वाराणसी, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ चल रहा हैं।

छुट्‌टा पशुओं के लिए 2 हजार करोड़ का बजट – वित्तमंत्री ने विधानसभा में सपा सदस्यों की तरफ इशारा करते हुए कहा-आपकी समस्या सॉल्व होगी। छुट्‌टा पशुओं के लिए 2 हजार करोड़ दिए गए हैं। इससे पालतू, संरक्षित और छुट्टा गो-वंश की पहचान के लिए टैगिंग की जाएगी। उनके रखरखाव के लिए गोशालाएं बनाई जाएगी। गो संरक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए 140 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

6 जिलों में फोरेंसिक लैब बनेंगी – वित्त मंत्री ने बताया- अयोध्या, बस्ती, बांदा, आजमगढ़, मिर्जापुर और सहारनपुर में 6 नई विधि विज्ञान प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। 74 जेलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग यूनिट से बंदियों की रिमांड की व्यवस्था कराई जाएगी।

विभिन्न विभागों में 92, 919 पदों पर भर्ती, आवासीय स्कूलों में अब एक हजार बच्चों का एडमिशन होगा – वित्त मंत्री ने कहा, इस समय अराजपत्रित श्रेणी के कई पदों पर सीधी भर्ती के 92 हजार 919 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। साल 2017 से दिसंबर 2024 तक कॉन्स्टेबल, सब इंस्पेक्टर और लिपिक आदि के विभिन्न पदों पर कुल 1 लाख 56 हजार 206 भर्तियां की गईं।

आवासीय स्कूल में 100 की जगह 1000 बच्चों का एडमिशन होगा – मातृत्व शिशु और बालिका मदद योजना से सितंबर 2024 तक 6 लाख 22 हजार 974 महिलाओं और बच्चियों को लाभ दिया गया। आवासीय विद्यालय योजना यूपी के 12 जिलों में चल रही है। हर स्कूल में 100-100 बालक और बालिकाओं को जोड़ा गया है। इन स्कूलों में निर्माण श्रमिकों के बच्चों को फ्री में पढ़ने और रहने की व्यवस्था है। अब 100 की जगह इन स्कूलों में 1000 लोगों का एडमिशन कराया जाएगा।

प्रतिभाशाली छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी – उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में 96 लाख से अधिक परिवारों की महिलाओं को जोड़ा गया है। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। लखपति महिला योजना में 31 लाख से अधिक दीदियों को चिह्नित किया गया है। दो लाख से अधिक महिलाएं लखपति की श्रेणी में आ चुकी हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत अब तक लगभग 1.86 करोड लाभार्थियों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Back to top button
error: Content is protected !!
किचन गार्डन में जरूर लगाएं ये पौधे, सेहत के लिए भी फायदेमंद Uttarakhand : 6 PCS अधिकारियों के तबादले शाहरूख खान की फिल्म डंकी 100 करोड़ के क्लब में शामिल हिमाचल में वर्षा, बर्फबारी होने से बढ़ी सर्दी Uttarakhand Job : UKSSSC ने निकाली 229 पदों पर भर्ती
News Hub