देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जाबांजों को श्रद्धांजलि

— वर्ष 1971 की भारत—पाक लड़ाई में विजय की वर्षगांठ— अल्मोड़ा व बागेश्वर जनपद में धूमधाम से हुए कार्यक्रम सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा/बागेश्वर: विजय दिवस आज…

— वर्ष 1971 की भारत—पाक लड़ाई में विजय की वर्षगांठ
— अल्मोड़ा व बागेश्वर जनपद में धूमधाम से हुए कार्यक्रम

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा/बागेश्वर: विजय दिवस आज अल्मोड़ा व बागेश्वर जनपद में धूमधाम से मनाया गया। दोनों जगह शहीद स्मारकों पर समारोह आयोजित हुए और 1971 के भारत—पाक युद्ध में देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले जाबांज सैनिकों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वहीं वीर नारियों को सम्मानित किया गया। सैन्य टुकड़ी ने शहीद जवानों को सलामी दी। वक्ताओं ने कहा कि इन सैनिकों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि भारत—पाकिस्तान के बीच दिसंबर 1971 में (पूर्वी पाकिस्तान बंगलादेश) लड़ाई लड़ी गई थी। भारतीय फौज ने 14 दिन के भीषण युद्ध के दौरान अपने अदम्य साहस एवं बलिदान से पाकिस्तानी फौज को पराजित किया था। इस लड़ाई में अल्मोड़ा के 25 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। भारतीय सेना के इस अदम्य साहस एवं वीरता की याद में पूरे देश में प्रतिवर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाने का संकल्प लिया गया था।

अल्मोड़ा में कार्यक्रम

विजय दिवस की 51वीं वर्षगांठ आज यहां शहीद स्मारक व छावनी क्षेत्र में धूमधाम मनाया गया। जनपद अल्मोड़ा के शहीद स्मारक छावनी क्षेत्र में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी व विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, गैरीसन अल्मोड़ा के सैन्य अधिकारी सूबेदार मेजर देवी सिंह आदि ने शहीद स्मारक में शहीदों को पुष्पचक्र व श्रद्धासुमन अर्पित किये। गैरीसन अल्मोड़ा के सैन्य टुकड़ी के जवानों द्वारा शहीदों को सलामी दी गयी। वहीं शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया।

समारोह में मुख्य अतिथि प्रकाश चन्द्र जोशी ने वीर नारियों एवं वीर सेनानियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस मौके पर श्री जोशी ने कहा कि जिस तरह से सर्दी एवं गर्मी तथा सभी विषम परिस्थितियों की परवाह किए बिना सेना के जवान हमें सुरक्षित रखते हैं, उससे हम सभी को सीख लेनी चाहिए तथा देश सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी उन जाबांज योद्धाओं के ऋणी हैं, जिन्होंने अपने प्राणों को बलिदान कर हमें सुरक्षित रखा है। अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया ने भी वीरों को शहादत को याद करते हुए उनके बलिदान को हमेशा याद रखने की बात कही। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण विभाग के सहायक अधिकारी हीरा सिंह, प्रशासनिक अधिकारी हरीश सिंह, महेन्द्र सिंह मेहरा, महिपाल सिंह बिष्ट, पूरन चन्द्र लोहनी, राजकुमार बिष्ट, कैलाश चन्द्र काण्डपाल, हेमन्त लाल वर्मा, देवेन्द्र कुमार, मदन सिंह, चम्पा देवी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बागेश्वर में कार्यक्रम

विजय दिवस जनपद बागेश्वर में धूमधाम से मनाया गया। शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा कार्यक्रम में मौजूद 06 शहीदों की वीर नारियों को शॉल भेंट कर सम्मनित किया। शहीद स्थल पर आयोजित विजय दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव समेत नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी, पुलिस अधीक्षक हिमांशु वर्मा, उप जिलाधिकारी हरगिरी, पुलिस उपाधीक्षक एसएस राणा, रेडक्रास अध्यक्ष संजय साह जगाती, सैनिक कल्याण अधिकारी रणजीत सेठ, वीर नारियों व पूर्व सैनिकों द्वारा शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए सैनिक कल्याण अधिकारी ने 1971 युद्ध की विस्तृत जानकारियां दी। उन्होंने वीर शहीद सैनिकों का नमन करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड सैनिकों का प्रदेश है और प्रदेश के सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए हमेशा शहादत दी है, जो बड़े गर्व की बात है। इस मौके पर 06 वीर नारियों पानुली देवी, नन्दी देवी, कलावती देवी, चनुली देवी, मोहनी देवी, विमला जोशी को अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पार्षद प्रेम सिंह हरड़िया, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी आरसी तिवारी, भूपाल सिंह, तहसीलदार दीपिका आर्या सहित पूर्व सैनिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *