ताइक्वांडो में दिव्यांशु बुडाकोटी ने मारी बाजी, स्वर्ण पदक जीत रानीपोखरी का बढ़ाया गौरव

0
दिव्यांशु बुडाकोटी
दिव्यांशु बुडाकोटी

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन कर हासिल किया पहला स्थान, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

हरीशंकर सिंह सैनी


ADVERTISEMENTS

देहरादून/रानीपोखरी। खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर रानीपोखरी के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी दिव्यांशु बुडाकोटी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। कड़े मुकाबलों के बीच अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए दिब्यांशु ने शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

जिला ताइक्वांडो संघ नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिस्पर्धा से भरे मुकाबलों में दिब्यांशु बुडाकोटी ने पूरे आत्मविश्वास, फुर्ती और उत्कृष्ट खेल तकनीक का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

दिव्यांशु बुडाकोटी की इस कामयाबी के पीछे उनका नियमित अभ्यास, अथक परिश्रम और ताइक्वांडो के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। वहीं, उनके प्रशिक्षक कोच शुभम के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण ने भी उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान खेल की बारीकियों, शारीरिक दक्षता और मुकाबले की रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रतियोगिता में देखने को मिला।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने के बाद दिव्यांशु के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। अब वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करने के अवसर की ओर अग्रसर हैं। यह उपलब्धि उनके खेल जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के साथ ही परिवार, प्रशिक्षक और रानीपोखरी क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।

दिब्यांशु की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के बल पर लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए प्रेरित करेगी।

ADVERTISEMENTS