Breaking Update : चाचा-चाची की हत्या के बाद फरार हुआ भतीजा गिरफ्तार

0
Breaking Update : चाचा-चाची की हत्या के बाद फरार हुआ भतीजा गिरफ्तार
Breaking Update : चाचा-चाची की हत्या के बाद फरार हुआ भतीजा गिरफ्तार

हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड बरामद

चाचा के परिवार की आर्थिक तरक्की और बच्चों की पढ़ाई से थी जलन

CNE REPORTER, बागेश्वर। गरुड़ तहसील के नरग्वाड़ी गांव में चाचा-चाची की बेरहमी से हत्या करने वाले भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गोविंद बल्लभ खोलिया (52) ने अपने ही चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दोनों की जान ले ली। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।


ADVERTISEMENTS

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित अपने चाचा के परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चों की पढ़ाई से कथित तौर पर चिढ़ता था। चाचा का बेटा जयपुर की एक डायमंड कंपनी में नौकरी करता था और उसके बच्चे निजी विद्यालय में पढ़ते थे, जबकि आरोपित के बच्चे सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। इसी पारिवारिक रंजिश और मनमुटाव ने खूनी रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना एक नवंबर की रात की है। शाम करीब 8:30 बजे डायल 112 पर निखिल खोलिया ने गांव में पूरन चंद्र खोलिया के घर झगड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची। वहां गोविंद बल्लभ ने अपने चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। दोनों के सिर और शरीर से भारी मात्रा में खून बह रहा था। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बहू दर्शनी देवी भी हमले में घायल हो गईं।

चार पुलिस टीमों ने रातभर खंगाला इलाका, दूसरे दिन दबोचा आरोपित

दोहरी हत्या की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी बागेश्वर को तत्काल घटनास्थल पर भेजा। फोरेंसिक टीम अल्मोड़ा और बागेश्वर की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाए। आरोपित की धरपकड़ के लिए बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली पुलिस और एसओजी की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने रातभर संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। आखिरकार दो नवंबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित गोविंद बल्लभ को गिरफ्तार कर लिया।

निशानदेही पर खून से सनी रॉड बरामद, पहले भी दर्ज था हत्या के प्रयास का मामला

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड बरामद कर ली है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज था।

मृतक दंपती की बहू दर्शनी देवी की तहरीर पर बैजनाथ कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1), 117(2), 333 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपित और बरामद हथियार को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई कर रही है।

एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में मातम पसरा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS