किच्छा। पेयजल विभाग द्वारा पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही गड्ढे खोदकर उन्हें यथास्थिति छोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दुर्घटनाओं की आशंका बन गई है। वहीं दूसरी ओर सड़कों को क्षतिग्रस्त किए जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय वासियों ने जिलाधिकारी उधम सिंह नगर से मामले का संज्ञान लेकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की है। नगर के वार्ड 3 किशनपुर में पेयजल निगम द्वारा पानी पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदकर बुरी हालत में ही छोड़ दी गयी है, जिससे सड़क जगह-जगह धंस गयी है। बरसात के समय में पेयजल निगम द्वारा करवाया जा रहा यह काम जनता के लिए भारी मुसीबत का सबब बन गया है। तमाम बुजुर्ग, महिलायें, बच्चे इन गढ़ढ़ों में गिरकर गम्भीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। सड़क की बुरी हालत से समस्त आवश्यक सेवाओं के लिए चलने वाले वाहनों तक के लिए निकलना मुश्किल हो चुका है। बीच रोड में ट्रैक्टर ट्रालियों व तमाम वाहनों के पहिये पाइप लाईन के गढ़ढो में धंस जाने से वाहन पलटने तक की नौबत आ गयी है। स्थानीय लोगों द्वारा सड़क खुदाई में लगे कर्मियों से जब इसका विरोध करते हुए बात करने का प्रयास किया जाता है तो कर्मचारियों द्वारा स्थानीय लोगों से बेहद बद्तमीजी और जाहिल अंदाज में बात कर अपना पल्ला झाड़ने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई कर रही कंपनी द्वारा बहुत लापरवाही से कार्य किये जाने यह अव्यवस्था फैली है। वहीं पेयजल विभाग के अधिकारी शिकायत प्राप्त होने पर भी बिना किसी ठोस कार्यवाही के लीपापोती में लगे है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने साफ शब्दों में पेयजल विभाग पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए पेयजल लाईन खर्च में कम्पनी ठेकेदार तथा निगम कर्मियों द्वारा सरकारी धन की बंदरबाट का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारियों से मामले की जांच तथा कार्यवाही की मांग की है।
किच्छा न्यूज़ : गढ़ढ़ों में धंसे ट्रैक्टर-ट्राली, पेयजल विभाग की लापरवाही
ADVERTISEMENTS
ADVERTISEMENTS








