╰┈➤ मरीजों को फल बांटे, वरिष्ठों का सम्मान और फार्मासिस्टों की भूमिका पर मंथन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा के बैनर तले आज विश्व फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर आयोजित विचार गोष्ठी “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” थीम पर मंथन हुआ और जनमानस के स्वास्थ्य सुरक्षा में फार्मासिस्ट की भूमिका को अहम् बताया गया। इस उपलक्ष्य में जिला, महिला व बेस अस्पताल में मरीजों का हालचाल जाना गया और उन्हें फल वितरण किया गया।
स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्ट की भूमिका अहम्
सुबह नौ बजे फल वितरण कार्यक्रम के बाद विचार गोष्ठी व सम्मान कार्यक्रम बेस अस्पताल से सटे फार्मेसी सदन/संघ भवन में आयोजित हुआ। जिसका शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस मौके पर स्व. राम उजागर पांडेय का भावपूर्ण स्मरण किया गया। तत्पश्चात विचार गोष्ठी में मुख्य वक्ता वरिष्ठ सदस्यों गोकुल सिंह मेहता और गजेंद्र कुमार पाठक ने फार्मेसी के उत्थान और जनमानस की स्वास्थ्य सुरक्षा में फार्मासिस्ट की भूमिका पर विस्तृत ढंग से प्रकाश डाला। यह भी कहा कि शरीर को दवाओं से होने वाले नुकसान से बचाने और जागरूकता लाने में फार्मासिस्ट अहम् भूमिका अदा करते हैं। वक्ताओं ने कहा कि अगर चिकित्सक मरीजों को जीवनदान देते हैं, तो फार्मासिस्ट उस जीवनदान को सुरक्षित और सुलभ बनाते हैं। बिना फार्मासिस्ट के एक स्वस्थ समाज की कल्पना अधूरी है। यह भी कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में फार्मासिस्ट प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्शदाता के रूप में काम करते हैं। महामारी और संकट के समय अग्रिम पंक्ति में रहकर वे समाज की रक्षा करते हैं।
कार्यक्रम में सम्मान और मौजूदगी
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त हुए जिला फार्मेसी अधिकारी एनसी जोशी, मुख्य फार्मेसी अधिकारी जीसी पुजारी को उत्कृष्ट एवं सफल सेवा के लिए सम्मानित किया गया। अध्यक्षता जिला फार्मेसी अधिकारी एचएस परिहार और संचालन संगठन के जिलाध्यक्ष डीके जोशी ने किया। कार्यक्रम में एनएस राणा, अशोक पांडे, जीसी जोशी, प्रेम चंद्र, रजनीश जोशी, कैलाश पपनै, जीएस कोरंगा, जयपाल नयाल, प्रेम प्रकाश, जगतपाल सिंह मनराल, श्याम लाल, कुलदीप सिंह, राजकुमार, एचसी जोशी, आनंद पाटनी, इंदु सेमवाल, ललिता बिष्ट, रूही तबस्सुम, सुभाष चंद्र, विजय सिंह, जीडी जोशी, संजय प्रकाश, पंकज टम्टा, रितेश अधिकारी, मयंक वर्मा, रणजीत यादव, सतीश प्रकाश, हेम चंद्र तिवारी, करन प्रकाश, अर्जुन प्रकाश, मनोज सिंह राणा आदि मौजूद रहे।


