सीएनई डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार देर रात तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश से अफरा—तफरी का माहौल बन गया। गाजियाबाद में ACP दफ्तर की छत गिरने से कमरे में सो रहे सब इंस्पेक्टर की दबने की वजह से मौत हो गई। दरोगा वीरेंद्र कुमार मिश्रा रात के समय एसीपी कार्यालय में ही थे। घटना दो से तीन बजे के बीच की है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनी के इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित एसीपी स्कूल बिहार कार्यालय की शनिवार रात तेज बारिश के चलते छत गिर गई। कार्यालय में सो रहे दरोगा वीरेंद्र कुमार मिश्रा 50 साल मलबे में दब गए। सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे तो घटना का पता चला। मलबे से निकल कर वीरेंद्र कुमार मिश्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि शनिवार रात दरोगा वीरेंद्र कुमार मिश्रा कार्यालय में ही सो गए थे। रात करीब 2:30 बजे तेज बारिश के चलते उनके कार्यालय के एक कमरे की छत गिर गई। छत गिरने से वीरेंद्र कुमार मिश्रा मलबे में दब गए। रविवार सुबह पुलिस कर्मी और स्थानीय लोग एसीपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वीरेंद्र कुमार को मलबे से निकला। एसीपी ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को अवगत कर दिया गया है।