यहां हाईवे पर बिन बारिश के पत्थरों की हुई बरसात, कई बार लगा जाम

0
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे
चोपड़ा के पास बिन बारिश के ही पहाड़ से पत्थरों की बरसात हो गई। जिस कारण कई बार जाम लग गया।

सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी/भवाली

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे (Almora Haldwani Highway) में जगह-जगह चल रहा सड़क निर्माण का काम आज जनता के लिए बड़ी फजीहत का कारण बन चुका है। आज यहां क्वारब से आगे चोपड़ा के पास बिन बारिश के ही पहाड़ से पत्थरों की बरसात हो गई। जिस कारण कई बार जाम लग गया।


ADVERTISEMENTS

उल्लेखनीय है कि अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब से आगे कई जगह आए दिन जाम की समस्या देखने में आ रही है। वैसे तो बरसात के दिनों में सड़क मार्ग पर मलबा आना आम बात रही है, लेकिन आज चोपड़ा के पास पहाड़ी से सीधे बोल्डर बरसने लगे।

यह देख वहां मौजूद लोगों के होश फख्ता हो गये। पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आने से कई बार सड़क मार्ग बंद हो गया। इस दौरान संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा जेसीबी की मदद से कई बार रास्ता खोला भी गया। इसके बावजूद बार-बार मलबा आने से हर आधे-आधे घंटे में यातायात को बंद करके मार्ग की सफाई करवानी पड़ी। इस मौके पर कंपनी के प्रोजेक्टर मैनेजर अरविंद गुप्ता के अलावा तय्यब खान व क्वारब पुलिस चौकी से गोविंदी टम्टा, कांस्टेबल प्रेम कुमार व गोपाल बिष्ट मौजूद थे।

अलबत्ता जाम के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। आम जनता यही सवाल पूछ रही है कि आखिर इस महत्वपूर्ण हाईवे की स्थिति कब सुधरेगी। कब तक जनता को यहां जाम के झाम से गुजरना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि पिछले साल आई बरसात के बाद आपदा के हालात बन गये थे। सड़क मार्ग को भी काफी नुकसान पहुंचा था। आपदा का इतना लंबा वक्त बीत जाने के बाजवूद सड़क मार्ग की दशा संपूर्ण हाईवे में सुधारी नहीं जा सकी है।

प्रत्यक्ष देखिए : कुमाऊं की लाइफ लाइन की बिगड़ी सूरत !

ADVERTISEMENTS