HomeUttarakhandAlmoraराज्य स्थापना​ दिवस: अल्मोड़ा को सिटी बस की सौगात

राज्य स्थापना​ दिवस: अल्मोड़ा को सिटी बस की सौगात

— प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने की कार्यक्रमों में शिरकत, शहीदों को श्रद्धांजलि
— प्रभात फेरी, क्रास कंट्री दौड़ व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भव्य बनाया राज्य स्थापना दिवस
— जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति किए गए सम्मानित

ADVERTISEMENTSAd Ad

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
उत्तराखंड का 22वां राज्य स्थापना दिवस आज जिले में धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय समेत जनपद की सभी तहसीलों व ब्लाक मुख्यालयों विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और सुबह प्रभात फेरी व क्रास कंट्री दौड़ आयोजित हुई। प्रभात फेरी नन्दादेवी मंदिर प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए से चौघानपाटा पर पहुंच संपन्न हुई। जिले के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने यहां स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। आज विकास भवन व नवीन कलेक्ट्रेट तक पहुंचने के लिए सुविधा के तौर पर सिटी बस का संचालन शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य महकमे में नर्सों व एएनएम की नियुक्तियां की जाएंगी।

प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समस्त जनपद एवं राज्यवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन 22 वर्षों में हमारे राज्य में एम्स, एनआईटी जैसी संस्थायें आयी है। आज प्रत्येक गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने का कार्य राज्य सरकार कर रही है। मंत्री ने कहा कि जब हमारा राज्य 25 वर्ष का हो जायेगा, तब हमारा राज्य नशामुक्त व टीबी मुक्त होगा तथा युवाओं के लिये स्वरोजगार के नये अवसर होंगे। सरकार इसी लक्ष्य पर काम कर रही है।

स्थापना दिवस के मौके पर प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत, विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी वंदना आदि ने चौघानपाटा से सिटी बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन व सरकार के प्रयास से जनपद मुख्यालय में सीटी बस का संचालन किया गया है।इसके बाद शिखर होटल के समीप स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर मंत्री अन्य गणमान्य लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीदों को पुष्पां​जलि अर्पित की।

मंत्री रावत ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में 03 हजार नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति की जायेंगी, जो वर्षवार होंगी। इसके अलावा 800 से ज्यादा एएनएम की भर्ती वर्षवार की जायेगी। उन्होंने कहा कि 339 असिस्टेण्ट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जा रही है, ताकि अल्मोड़ा मेडिकल कालेज में फैकल्टी की दिक्कत नहीं होने पाए। साथ ही 05 हजार से ज्यादा शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है, ताकि शिक्षकों की कमी को दूर किया जा सके।

प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने समाज कल्याण, बाल विकास विभाग के माध्यम से लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट व दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किये।

कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्य आन्दोलन के दौरान हुए संघर्ष को याद किया तथा सभी ने राज्य स्थापना दिवस की जनपद वासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया। अन्तराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट को भी प्रभारी मंत्री ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एडम्स इन्टर कालेज एवं जीजीआईसी की बालिकाओं ने सुन्दर नृत्य प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डे समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति, राज्य आंदोलनकारी केवल सती एवं जमन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी वन्दना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे। बाद में मंत्री ने बेस अस्पताल के आपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिये।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments