शिव पुराण के श्रवण मात्र से होता है पापों का नाश: पं. कमल योगी

0
शिव पुराण के श्रवण मात्र से होता है पापों का नाश: पं. कमल योगी
शिव पुराण के श्रवण मात्र से होता है पापों का नाश: पं. कमल योगी

खत्याड़ी में शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

छह नवंबर को होगा विशाल भंडारे का आयोजन, आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से की सहभागिता की अपील

CNE REPORTER, अल्मोड़ा। नगर के निकटवर्ती क्षेत्र खत्याड़ी में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में रविवार को पांचवें दिन भी श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा के श्रवण के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। बड़ी संख्या में पहुंचे महिला, पुरुषों और बुजुर्गों ने पूरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया और भोलेनाथ के चरणों में अपनी आस्था प्रकट की।


ADVERTISEMENTS

कथा व्यास पं. कमल योगी ने शिव महापुराण की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भगवान शिव की महिमा अनंत है और शिव पुराण का श्रवण अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। उन्होंने कहा कि शिव पुराण सुनने मात्र से ही मनुष्य के पापों का नाश होता है तथा उसे आध्यात्मिक शांति और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। भगवान शिव की भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को अपने जीवन में सत्य, सदाचार, संयम, करुणा और सेवा जैसे श्रेष्ठ गुणों को अपनाने का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव कल्याण के देवता हैं। उनकी आराधना से मनुष्य के भीतर सकारात्मक विचारों का संचार होता है और वह अहंकार, लोभ, मोह तथा नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने की प्रेरणा प्राप्त करता है। पं. योगी ने शिव महापुराण में वर्णित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों, भगवान शिव की लीलाओं और उनकी महिमा का अत्यंत सरल, रोचक एवं भावपूर्ण ढंग से वर्णन किया। कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान शिव के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संदेश भी दिया।

कथावाचक के मुखारविंद से शिव महिमा का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा स्थल पर समय-समय पर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं, भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों की धुन पर कई श्रद्धालु झूमते और भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।

इस अवसर पर मुख्य यजमान शैलेंद्र साह सोबू ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन पांच नवंबर तक किया जाएगा। कथा के समापन के अगले दिन छह नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर शिव महापुराण का श्रवण करने, धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने तथा छह नवंबर को आयोजित विशाल भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

कथा आयोजन में मुख्य यजमान कैलाश साह, रेखा साह, शैलेंद्र साह, मीनू साह, अंकित साह, हर्ष साह, नंदन सिंह, कमला साह, किरन साह, पान सिंह, भूपेंद्र सिंह बिष्ट, मोनू, राकेश साह, प्रदीप साह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS