HomeBreaking Newsरामनगर के हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार

रामनगर के हाई-प्रोफाइल रिसॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार

अनैतिक देह व्यापार, शराब और अश्लील डांस पार्टी का खुलासा

देखिए, क्या बोले एस.एस.पी. नैनीताल…

सीएनई रिपोर्टर, रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सटीक रणनीति और कड़े निर्देशों पर रामनगर में एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में एक बड़े रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार, एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में, 10 महिलाओं (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को मुक्त कराया गया, जबकि अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।

ADVERTISEMENTSAd

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज सिंह कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में 04 जुलाई 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और रामनगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में छापेमारी की।

मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों तथा विदेश से लाई गई 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल थी, को बरामद किया। मौके पर 52 लोग महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील नृत्य, महिलाओं पर नोट उड़ाने तथा अश्लील हरकतें करते हुए पाए गए।

पुलिस ने 51 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 एवं 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के तहत कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार निवासी मेरठ ने बताया कि वह एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है और अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए इस पार्टी का आयोजन किया गया था।

₹2.20 लाख में बुक हुआ था रिसॉर्ट, प्रति महिला ₹10 हजार में हुई डील

जांच में सामने आया कि लगभग 10 दिन पहले उसने रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने को कहा था। इसके बाद 04 से 05 जुलाई 2026 तक रिसॉर्ट को करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुनील कुमार के माध्यम से राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई थी।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने होटल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पार्टी में शामिल किसी भी व्यक्ति अथवा महिलाओं का नाम आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इन तथ्यों के आधार पर रिसॉर्ट का उपयोग अनैतिक देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने के कारण उसे तत्काल सील कर दिया गया।

फरार आरोपी

  • लखेन्द्र चौधरी, जनरल मैनेजर, रिसॉर्ट।

बरामदगी

  • शराब की 3 पेटियां
  • बीयर की 1 पेटी
  • 10 रुपये मूल्य के भारतीय मुद्रा सदृश नकली नोटों की 24 गड्डियां
  • महिलाओं पर उड़ाए गए 10 रुपये के नोटों का पुलिंदा
  • आपत्तिजनक सामग्री
  • एक लैपटॉप व चार्जर
  • कई मोबाइल फोन, जिनमें कार्यक्रम और महिलाओं से संबंधित फोटो एवं चैट मिली
  • डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स

इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी को अंजाम दिया। टीम में प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट उपनिरीक्षक सुनीता कुँवर, प्रभारी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, सहायक उपनिरीक्षक प्रेम बल्लभ जोशी, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, हेड कांस्टेबल नवीन पांडेय, कांस्टेबल कुन्दन कठैत, महिला कांस्टेबल अनीता फुलेरिया, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल अशोक रावत, कांस्टेबल अरविन्द, कांस्टेबल भानू प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल जसवीर शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने इस प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम को ₹2,500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments