नैनीताल में रोपवे की बैरिंग टूटने से हवा में लटकी 12 जिंदगियां, ऐसे बची जान

Nainital News | नैनीताल शहर के मल्लीताल क्षेत्र में रोपवे से जा रहे यात्रियों की जान उस वक्त हलक में आ गई जब तकनीकी खराबी…

नैनीताल में रोपवे की बैरिंग टूटने से हवा में लटकी 12 जिंदगियां, ऐसे बची जान

Nainital News | नैनीताल शहर के मल्लीताल क्षेत्र में रोपवे से जा रहे यात्रियों की जान उस वक्त हलक में आ गई जब तकनीकी खराबी के चलते ट्रॉली अचानक बीच में ही रुक गई। इससे ट्रॉली में सवार 12 यात्री एक घंटे तक हवा में ही लटके रहे।

केएमवीएन प्रबंधन की तकनीकी टीम ने आनन-फानन में ट्रॉली में सवार छह विदेशी सैलानियों समेत कुल 12 लोगों को रस्सी के सहारे रेस्क्यू कर सुरक्षित नीचे जमीन पर उतार लिया। करीब एक घंटे रेस्क्यू अभियान चला।

गुरुवार दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे के करीब छह विदेशी पर्यटक व कुछ स्थानीय लोग अपने बच्चों के साथ रोपवे से स्नोव्यू जा रहे थे। रोपवे की ट्रॉली, स्टेशन से लगभग सौ मीटर दूरी पर पहुंची ही थी कि ट्रॉली के काउंटर की ओर एक आवाज आई।

आवाज आने पर ट्रॉली में सवार टेक्नीशियन ने जांच की तो वहां बैरिंग टूटा हुआ मिला। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से ट्रॉली को रोक दिया गया। ट्रॉली रुकने से उसमें सवार लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि लगभग एक घंटे तक ट्रॉली 150 फीट की ऊंचाई में हवा में लटकी रही।

हल्द्वानी : नैनीताल रोड स्थित होटल SV हुआ सील, अब बैंक करेगा नीलामी Click Now

तत्पश्चात रोपवे प्रबंधन ने ट्रॉली में मौजूद विदेशी सैलानियों व अन्य सभी लोगों को रस्सी व अन्य उपकरणों की मदद से जमीन पर सुरक्षित उतार लिया। नीचे पहुंचने पर ट्रॉली में सवार सभी लोगों ने राहत की सांस ली।

कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) की ओर से संचालित रोपवे की ट्रॉली इससे पहले फरवरी 2019 में भी घंटे भर तक हवा में लटकी रही। तब भी ट्रॉली में दस यात्री सवार थे। इससे रोपवे प्रबंधन में हड़कंप मच गया था।

बाद में रोपवे प्रबंधन ने किसी तरह रस्सी व अन्य उपकरणों की मदद से ट्रॉली में फंसे सैलानियों को जमीन पर सुरक्षित उतार लिया था। इस घटना के बाद निगम प्रबंधन ने अप्रैल 2022 में ऐसी किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए ट्राली में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मॉक ड्रिल किया था।

रोपवे प्रबंधक शिवम शर्मा ने बताया कि, मैकेनिकल फॉल्ट आने के चलते ट्रॉली को रोकना पड़ा, उस दौरान ट्रॉली में छह विदेशी पर्यटकों के अलावा एक स्थानीय व्यक्ति व पांच स्कूली बच्चे मौजूद थे। सभी को ट्रॉली से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और टूटी हुई बैरिंग बदलने का काम जारी है। उम्मीद है शुक्रवार को ट्राली संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *