➥ अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा के रतकोट गोलू देवता मंदिर में राम कथा महायज्ञ
➥ कैबिनेट मंत्री ने पहुंचकर कथा कथा सुनी, सुख-समृद्धि की कामना की
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मनान पथररिया स्थित रतकोट गोलू देवता मंदिर परिसर में चल रही राम कथा महायज्ञ में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पहुंचकर कथा श्रवण किया और व्यास पीठ से आशीर्वाद लिया। इस बीच उन्होंने प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।


मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और जनसेवा का अनुपम संदेश देता है। श्री राम का आदर्श चरित्र आज भी समाज को नैतिक मूल्यों पर चलने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने राम कथा महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति, यजमानों और श्रद्धालुओं के प्रयासों की सराहना की।
इस बीच कथावाचक पंडित योगेश्वर दास जोशी ने भगवान श्री राम के दिव्य चरित्र का संगीतमय वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मुख्य पुजारी जीवन चंद्र उप्रेती, मंदिर समिति अध्यक्ष आशुतोष पांडे, कोषाध्यक्ष रणजीत सिंह अधिकारी, लीलाधर पांडे, गजेंद्र पांडे, मोहन चंद्र उप्रेती, यजमान मोहन चंद्र कांडपाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा सहित तमाम लोग व श्रद्धालु शामिल रहे।



