HomeUttarakhandAlmoraरानीखेत : युवक की गला रेतकर हुई थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रानीखेत : युवक की गला रेतकर हुई थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में खुले यह राज….

सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। ऐना गांव में युवक की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। हत्या के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि करीब दो माह पहले शादी समारोह में हुए विवाद और उससे उपजी रंजिश के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

घटना 10 जुलाई 2026 की है। मजखाली चौकी क्षेत्र के ऐना गांव में एक युवक की हत्या और दो महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही कोतवाली रानीखेत पुलिस तथा आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के स्वयं अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले के प्रत्येक पहलू की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम को तत्काल बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र कराए गए।

ADVERTISEMENTSAd

इसके बाद 11 जुलाई 2026 को मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर बताया कि 10 जुलाई की रात जगत सिंह बोरा ने उसके मामा के बेटे सागर सिंह के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि जब सागर सिंह की मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी जान से मारने की नीयत से लोहे के घन और धारदार हथियार से सिर एवं शरीर पर प्राणघातक हमला कर दिया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है।

तहरीर के आधार पर कोतवाली रानीखेत में धारा 103 और 109 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से सुरागरसी और पतारसी करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर कोतवाली रानीखेत क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू भी बरामद कर लिया गया।

शादी समारोह के दौरान हुआ था विवाद

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि लगभग दो माह पहले एक शादी समारोह के दौरान उसके दोस्त का मृतक और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसने सागर सिंह की हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई दोनों महिलाओं पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगत सिंह बोरा (35 वर्ष), पुत्र पान सिंह बोरा, निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है।

गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरूण राज टम्टा तथा होमगार्ड आनन्द सिंह शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments