➤ चंद दिनों का भरोसा दिया, मगर महीनों बाद भी नहीं आया प्रस्ताव
➤ पीआरडी जवानों के संघर्ष को कमजोर नहीं होने देंगे: विनय किरौला
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन (पीआरडी), अल्मोड़ा के बैनर तले मंगलवार को पीआरडी जवान दो दिनी कार्य बहिष्कार पर उतर आए। अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर उनका पारा चढ़ा और उन्होंने गांधी पार्क चौघानपाटा में एकजुट होकर धरना व प्रदर्शन से अपनी आवाज बुलंद की। कल प्रदेश में पीआरडी जवानों की महारैली व मुख्यमंत्री आवास कूच का कार्यक्रम तय है। (आगे पढ़िये)
चंद दिनों का आश्वासन महीनों बाद भी सिफर
धरना-प्रदर्शन के दौरान पीआरडी जवानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगो 365 दिन का रोजगार देने एवं होमगार्ड के तर्ज पर मूल वेतन पर महगाई भत्ता देने की पुरजोर आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि इन दो मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से अनुनय-विनय करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सुध नहीं ली गई है। जिससे उनका भविष्य अनिश्चित बना है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आंदोलन के दौरान विभागीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द चंद दिनों में कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा, लेकिन सात माह का समय पार हो गया, अभी तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि उपेक्षा के खिलाफ उन्हें आंदोलन की राह पकड़नी पड़ रही है। इसी कारण 17 व 18 नवंबर को दो दिन का कार्य बहिष्कार और 18 नवंबर को महारैली के तहत मुख्यमंत्री आवास कूच का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अंत में दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला युवा कल्याण अधिकारी अल्मोड़ा को दिया गया। (आगे पढ़िये)
संघर्ष को कमजोर नहीं होने देंगे: किरौला
युवा संघर्षशील एवं उक्रांद नेता विनय किरौला भी पीआरडी जवानों के आंदोलन को समर्थन पहुंचे। उन्होंने पीआरडी जवानों की मांगों को जायज ठहराते हुए कहा कि सरकार उनके खिलाफ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि समान काम के लिए समान वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड असुरक्षा के लिए नहीं बना है, बल्कि सुरक्षा के लिए बना है। ऐसे में पीआरडी जवानों के हितों की सुरक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें इतना वेतन मिलना चाहिए, जिससे वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और अपने परिवार का खर्चा, बच्चों को पोषण और शिक्षा का खर्चा वहन कर सकें। किरौला ने पीआरडी जवानों को पूरा आश्वासन दिया कि उनके संघर्ष को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और उनकी लड़ाई लड़ने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। (आगे पढ़िये)
धरना-प्रदर्शन में उपस्थिति
संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष आंनद कनवाल, सचिव विमला गोस्वामी, किरन बिष्ट, कैलाश प्रकाश, आनंद शर्मा, आनंद बल्लभ कांडपाल, ओम प्रकाश, गीता टम्टा, हेमा बिष्ट, कृष्णा चौहान, गोपाल बुर्फाल, विनोद रौतेला, गोविंद सिंह, अमर नाथ आर्या, कमल अधिकारी, कमल रौतेला, नवल बिष्ट, पान सिंह, अमित कुमार समेत कई पीआरडी जवान शामिल हुए।
































