वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले जान लें यातायात प्लान, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

0
वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले जान लें यातायात प्लान, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
वीकेंड पर कैंची धाम जाने से पहले जान लें यातायात प्लान, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भवाली, कैंची धाम एवं भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव

भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक; पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था

CNE REPORTER, नैनीताल। कैंची धाम में वीकेंड पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक भवाली, कैंची धाम और भीमताल क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही निर्धारित मार्गों से होगी। कई श्रेणियों के वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था भी की गई है।


ADVERTISEMENTS

यातायात पुलिस के अनुसार, दोनों दिन प्रातः 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।

बसों और चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग

प्रातः 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड होते हुए आगे जाएंगे।

काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल की व्यवस्था

कैंची धाम पहुंचने वाले निजी वाहन चालकों के लिए अलग-अलग मार्गों के अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

  • भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: अपने निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
  • ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: अपने निजी वाहन भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क करेंगे। यहां से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने के लिए स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

खैरना और गरमपानी जाने वाले स्थानीय वाहनों को वैकल्पिक मार्ग

भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी तथा बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों की नो एंट्री

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को इस व्यवस्था का पालन करना अनिवार्य होगा।

नैनीताल पुलिस की पर्यटकों से अपील

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित यातायात डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सभी वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और कैंची धाम तक पहुंचने के लिए उपलब्ध शटल सेवा का लाभ उठाएं। यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने से अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा तथा सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी।

ADVERTISEMENTS