एसबीआई तिराहे पर विरोध और पुतला दहन
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। देशभर में चर्चित नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर उपजा जनाक्रोश अब शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बागेश्वर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस धांधली को युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक करार दिया।


गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्रित हुए। यहाँ कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार की विफलता का प्रतीक पुतला फूंकते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है।
युवाओं के भविष्य और मेहनत के साथ खिलवाड़
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होना केवल एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि देश के लाखों मेहनतकश युवाओं के सपनों की हत्या है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत और सीमित संसाधनों के बीच वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी तपस्या पर पानी फेर देती हैं। इससे न केवल छात्रों का मनोबल टूट रहा है, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति और उम्मीदों को भी गहरी चोट पहुँच रही है।
व्यवस्था पर उठते सवाल और बढ़ता अविश्वास
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होना एक परिपाटी बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही इन अनियमितताओं से युवाओं का संवैधानिक व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है। बेरोजगारी के इस दौर में युवाओं के पास अवसर पहले ही सीमित हैं, और जो हैं उन्हें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया जा रहा है।
न्यायिक जाँच और ठोस कार्रवाई की माँग
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की किसी निष्पक्ष संस्था या उच्च स्तरीय न्यायिक आयोग से जांच कराई जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक इसमें शामिल बड़े दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और भविष्य के लिए पारदर्शी प्रणाली लागू नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को एक ज्ञापन प्रेषित किया। इस ज्ञापन में युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने और दोषियों को सजा देने की मांग की गई है।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, लोकमणि पाठक, गोकुल परिहार, सुरेश खेतवाल, ललित गोस्वामी, विनोद पाठक, और गौरव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।


