Big News: नंदामय बनी सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा, लाखों नयन बने शोभायात्रा के गवाह

श्रद्धालुओं ने भीगी पलकों से किया मां नंदा को विदा डोला विसर्जन के साथ नंदादेवी मेले का समापन सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा आज…

  • श्रद्धालुओं ने भीगी पलकों से किया मां नंदा को विदा
  • डोला विसर्जन के साथ नंदादेवी मेले का समापन

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा

सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा आज मां नंदा के जयकारों से गुंजायमान रही और पूरा शहर नंदामय बन गया। यह मौका था मां नंदा—सुनंदा की भव्य शोभायात्रा का। जिसमें हजारों की तादाद में भक्तों का सैलाब उमड़ा। हजारों नयन इस विहंगम नजारे के गवाह बने। महिलाओं ने शहर की मुख्य बाजार में छतों, बालकनी, बरामदों में खड़े होकर मां नंदा के डोले के दर्शन किए और अक्षत—पुष्प चढ़ाए।

समस्त फोटो : गोविंद ​अधिकारी, अल्मोड़ा

पिछले कई दिनों से यहां ऐतिहासिक नंदादेवी मेले की धूम मची है। हर दिन पूजा अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांधा। इसी क्रम के चलते आज पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार चंद वंशज कुंवर नरेंद्र सिंह ने मंदिर में परंपरागत तरीके से विशेष पूजा अर्चना की। जिसके बाद अपराह्न मां नंदा—सुनंदा का डोला उठा। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते और भजन गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के आगे छोलिया नर्तक नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरे बाजार में हजारों लोगों ने मार्ग में दोनों तरफ खड़े होकर डोले का स्वागत किया। मकानों की छतों और खिड़कियों से भक्तों ने मां के डोले के दर्शन किए और अक्षत पुष्प चढ़ाए।

नंदादेवी से निकलकर शोभायात्रा लाला बाजार, बंसल गली व शिखर के समीप से माल रोड होते हुए आगे बढ़ी। मां नंदा-सुनंदा को ड्योड़ीपोखर मंदिर के दर्शन कराने बाद लोहे के शेर से मुख्य बाजार होते हुए शोभायात्रा निकली। सड़कों और बाजार मार्ग के दोनों ओर ही नहीं बल्कि छतों, बरामदों व खिड़कियों से हजारों श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा के इस अद्भुत नजारे के दर्शन किए। इस दौरान देव डंगरियों से भक्तों ने आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में महिलाओं की एक टोली परंपरागत परिधान पहने हुए चल रही थी।

बाद में नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को दुगालखोला स्थित नौले में पूजा अर्चना और धार्मिक विधि विधान के साथ विसर्जित किया गया। शांति व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। शोभायात्रा निकलने के साथ ही नंदादेवी महोत्सव का समापन हो गया है।
ये लोग रहे मौजूद

शोभायात्रा में चंदवंशज कुंवर नरेंद्र सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, मेला कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य संयोजक मनोज सनवाल, किशन गुरुरानी, दिनेश गोयल, नरेंद्र वर्मा, राज पुरोहित नागेश पंत, धन सिंह मेहता, दीप लाल साह, तारा चंद्र जोशी, कांग्रेस नेता बिट्टू कर्नाटक, परितोष जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के अध्यक्ष दीपेश चंद्र जोशी ‘देवा भाई’, संजय साह ‘रिक्खू’ समेत बड़ी संख्या नंदादेवी कमेटी के लोग व श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *