भारत गैस के दो, इंडियन का एक सिलेंडर बरामद
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी (नैनीताल): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मुखानी थाना पुलिस ने घर से गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़े गए आरोपी आरोपी प्रदीप कुमार के पास से चोरी किए गए सभी तीनों गैस सिलेंडर बरामद कर लिए गए हैं।
मामले के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को श्वेता क्यूरा पत्नी निखिल सिंह क्यूरा, निवासी गली नंबर 3, आदर्श नगर, मुखानी, नैनीताल ने थाना मुखानी में एक लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि दिनांक 4 मार्च 2026 से 11 अप्रैल 2026 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की बाउंड्री कूदकर गैलरी में रखे दो भारत गैस सिलेंडर और एक इंडियन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए हैं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना मुखानी में प्रथम सूचना रिपोर्ट भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी
घटना के त्वरित खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजुनाथ टीसी के दिशा-निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य और उनके सहयोगियों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने संदिग्ध की तलाश तेज कर दी।
दिनांक 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति चंबल पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान प्रदीप कुमार पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी बेड़ी खत्ता, दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम, उम्र 26 वर्ष के रूप में बताई।
आरोपी का कबूलनामा और बरामदगी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पहले शिकायतकर्ता के घर पर ड्राइवर के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान उसने मौका पाकर घर की गैलरी से सिलेंडर चोरी किए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने संतोषी माता मंदिर के पास स्थित बाग से चोरी किए गए दो भारत गैस सिलेंडर और एक इंडियन गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी विभिन्न थानों से जुटाई जा रही है।
इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।


