युवती ने भी जड़े थप्पड़
दवा काउंटर में अश्लील हरकत कर रहा था कार्मिक
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दवा वितरण काउंटर पर लाइन में खड़ी एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया। आरोप है कि उपनल के माध्यम से तैनात एक सफाई कर्मचारी ने महिलाओं की कतार में घुसकर युवती के साथ अशोभनीय हरकत की। युवती के शोर मचाते ही मौके पर मौजूद तीमारदार, मरीजों के परिजन और सुरक्षाकर्मी सक्रिय हो गए तथा आरोपी को पकड़ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी को लोगों ने मौके पर ही घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान युवती ने भी आरोपी को थप्पड़ मारे। बताया जा रहा है कि आरोपी हाथ जोड़कर लगातार “बहन, माफ कर दो” कहते हुए रहम की भीख मांगता रहा। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि आरोपी शराब के नशे में प्रतीत हो रहा था। उसकी हालत और व्यवहार देखकर भीड़ का आक्रोश और बढ़ गया।
पैंट की खुली जिप देखकर भड़का लोगों का गुस्सा
घटना के दौरान जब लोगों की नजर आरोपी की पैंट की खुली जिप पर पड़ी तो माहौल और तनावपूर्ण हो गया। लोगों ने इसे उसकी कथित हरकत से जोड़ते हुए उसके खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई। किसी तरह सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को भीड़ से अलग किया।
ओपीडी की डिस्पेंसरी में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे ओपीडी स्थित डिस्पेंसरी में हुई। यहां दवा लेने के लिए बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन लाइन में लगे थे। आरोप है कि आइपीडी में ड्यूटी पर तैनात उपनल का सफाई कर्मचारी बिना किसी कारण ओपीडी क्षेत्र में पहुंच गया और महिलाओं की लाइन में जाकर एक युवती से कथित छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने लगा। युवती के विरोध और शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे पकड़ लिया।
शिकायत नहीं दी, फिर भी अस्पताल प्रशासन ने लिया सख्त निर्णय
हालांकि पीड़ित युवती ने मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने आरोपी उपनल सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपनल को उसकी सेवाएं समाप्त करने के लिए पत्र भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए हैं।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि अस्पताल परिसर में इस प्रकार की किसी भी घटना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी इस तरह के आचरण में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कई सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी की ड्यूटी आइपीडी भवन में थी। ऐसे में यह प्रश्न उठ रहा है कि वह ओपीडी की डिस्पेंसरी तक कैसे पहुंचा और महिलाओं की कतार में क्या कर रहा था। यह भी जांच का विषय है कि सुरक्षा कर्मियों की उस पर समय रहते नजर क्यों नहीं पड़ी। अस्पताल के कुछ कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी अक्सर ओपीडी क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमता हुआ दिखाई देता था।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
दून अस्पताल में हाल के समय में महिला मरीजों की सुरक्षा को लेकर यह दूसरा गंभीर मामला बताया जा रहा है। इससे पहले भी अस्पताल के एक काउंसलर पर महिला मरीज से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसकी जांच अभी जारी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल परिसर में महिला मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की मांग है कि अस्पताल प्रशासन केवल कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को इस तरह मजबूत करे कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



