हल्द्वानी में महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला दबोचा

0
हल्द्वानी में महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला दबोचा
हल्द्वानी में महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला दबोचा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन

नीलांचल कॉलोनी में महिला से गाली-गलौज, अश्लील इशारे और जान से मारने की धमकी का मामला

CNE REPORTER, हल्द्वानी : एक महिला से अभद्रता, अश्लील हरकतें और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।


ADVERTISEMENTS
हल्द्वानी में महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला दबोचा, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
हल्द्वानी में महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला दबोचा, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

मिली जानकारी के अनुसार हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र के अंतर्गत नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे एक डिलीवरी बॉय पीड़िता के घर का पता पूछने पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन बिना किसी वजह के महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा और अश्लील इशारे करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी लकड़ी लेकर मारने के लिए दौड़ पड़ा। इस दौरान उसने बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए महिला को जान से मारने, उसकी इज्जत और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

पहले भी महिला और उसकी बेटी से कर चुका था अभद्रता

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई बार महिला और उसकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी जैसी हरकतें कर चुका था। इस बार उसकी धमकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह खुलेआम धमकियां देता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

तहरीर मिलते ही दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172 के तहत गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीपी नगर मनोज कुमार, उप निरीक्षक रेनू सिंह, कांस्टेबल हिमांशु जोशी और कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहे।

महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं : नैनीताल पुलिस

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का प्रयास न करे। महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने, समाज में भय और अशांति फैलाने या कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी ऐसी किसी घटना की तत्काल सूचना देने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS