नई दिल्ली| नववर्ष 2023 के पहले दिन ही एलपीजी सिलेंडर के दाम (LPG Cylinder Price) बढ़ गए। दरअसल कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर (Commercial LPG Cylinder) की कीमतें बढ़ गई हैं। पेट्रोलियम कंपनियों ने रविवार से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 25 रुपये तक का इजाफा किया है। राजधानी दिल्ली से लेकर चेन्नई तक रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू रसोई गैस की कीमतें स्थिर हैं। हर महीने की पहली तारीख को पेट्रोलियम कंपनियां रसोई गैस की कीमतें तय करती हैं।
वैसे बीते साल डॉमेस्टिक गैस सिलेंडर की कीमत में 4 बार इजाफा देखने को मिला था, लेकिन जुलाई 2022 के बाद से कोई बदलाव नहीं आया है। आइए आपको भी बताते हैं कि देश के चार प्रमुख महानगरों में कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम कितने हो गए हैं।

महानगरों में बढ़ी हुईं कीमतें
एक जनवरी 2023 को हुई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1769 रुपये हो गई है। आज से 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर कोलकाता में 1870 रुपये, मुंबई में 1721 रुपये और चेन्नई में 1917 रुपये में मिलेगा। इससे पहले सरकार ने नवंबर के महीने में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115.50 रुपये घटाए गए थे।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में काफी समय से बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 6 जुलाई 2022 को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ था। हालांकि, साल 2022 में कुल चार बार घरेलू गैस की कीमतों में बदलाव हुआ था। पिछले एक साल में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 153.5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अगर मेट्रो शहरों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों की बात करें, तो राजधानी दिल्ली में ये 1053 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में 1052.5 रुपये, कोलकाता में 1079 और चेन्नई में 1068.5 रुपये में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर मिल रहा है।









