अल्मोड़ा पालिका बोर्ड के पांच साल के कार्यों की लंबी फेहरिस्त

👉 कार्यकाल पूरा होने पर आज पत्रकारों से मुखातिब हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी👉 तमाम कार्यों को दिया अंजाम, कुछ गतिमान और कुछ प्रस्तावित सीएनई रिपोर्टर,…

अल्मोड़ा पालिका बोर्ड के पांच साल के कार्यों की लंबी फेहरिस्त

👉 कार्यकाल पूरा होने पर आज पत्रकारों से मुखातिब हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी
👉 तमाम कार्यों को दिया अंजाम, कुछ गतिमान और कुछ प्रस्तावित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: पालिका बोर्ड अल्मोड़ा का वर्ष 2018 से वर्ष 2023 के मध्य पांच साल वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। जो अनुभवी पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी के कुशल नेतृत्व में निर्विवाद सफल रहा। इस कार्यकाल में पालिका बोर्ड के प्रयासों के नगर में तमाम नई जनसुविधाएं जुटीं और उल्लेखनीय कार्यों की लंबी फेहरिस्त तैयार हुई। इस उपलक्ष्य में आज पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी पालिका सभागार में पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस मौके पर पालिका के सभासद भी मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने अपने पांच साल के कार्यों तथा जनहित में उठाए कदमों का उल्लेख किया। उन्होंने पालिका बोर्ड की ओर से नगर की जनता, नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड के इस कार्यकाल में बहुत सारे कार्य हुए हैं, लेकिन बहुत से कार्य अभी होने बांकी हैं। बोर्ड ने सबसे पहले नगर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने में काफी हद तक सफलता पाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में पालिका द्वारा लम्बित प्रकरणों को पूरा किया जायेगा तथा नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने में निरन्तर प्रयास किया जाता रहेगा। उन्होंने नगर में पालिका बोर्ड के कार्यों, जनहित में लिये गए निर्णयों तथा भावी योजनाओं पर विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य कार्यों के विवरण:—
सफाई व्यवस्था हुई सुदृढ़

अल्मोड़ा नगर में 15 स्थानों पर अण्डर ग्राउण्ड डस्टबिन स्थापित हुए तथा उनके लिए हाईड्रोलिक टिप्पर केन एवं लिप्टिंग डस्टबिन की व्यवस्था की गयी। नगर की सफाई चौकस करने के​ लिए डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था शुरू की गई। जिसके तहत बेस अस्पताल से लेकर तल्ला खोल्टा, कर्नाटकखोला, लक्ष्मेश्वर, धार की तूनी, रानीधारा रोड एवं दूंगाधारा आदि स्थानों से वाहन के जरिये कूड़ा एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। इससे नगर में सफाई व्यवस्था में बेहतरी आई। इतना ही नहीं नगर में जहां गाड़ी नहीं जा सकती, वहां भी करीब 60—70 प्रतिशत आबादी तक डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कार्य चल रहा है, शेष क्षेत्रों के लिए कार्यवाही आगे बढ़ाई गई है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शासन को अन्य प्रस्ताव भेजे गये हैं।
अजैविक कूड़े से लाखों की आय

पालिका ने वर्ष 2021-22 में 20 लोहे के बड़े कन्टैनर क्रय किये गये। जून 2019 से नवम्बर 2023 तक 218.395 टन अजैविक कूड़ा बिक्रय कर पालिका ने 12,95,569 रुपये की आय अर्जित की। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग में बल्ढौटी कूड़ा निस्तारण स्थल पर एक काम्पैक्टर मशीन, एक ट्रोमल तथा एक कनवेयर बैल्ट व दो कम्पोस्टिंग मशीन स्थापित की गई है, जिनका उपयोग कूड़ा निस्तारण में किया जा रहा है तथा वहां पर वर्ष 2023 तक 24.3 टन खाद की बिक्री की गयी।
पार्किंग सुविधाएं जुटाई

पालिका के प्रयासों से पंचधारा स्थल पर पालिका की भूमि में बहुप्रतीक्षित पार्किंग का निर्माण गतिमान है। बोर्ड प्रस्तावानुसार पार्किंग का नाम पालिका के पूर्व अध्यक्ष स्व. मोहन लाल वर्मा के नाम पर रखा जाना है। भैरव मन्दिर के बगल में पालिका की भूमि पर स्व. लोकनाथ हरि पन्त पार्किंग का निर्माण लगभग पूरा होने को जा रहा है। जिससे एलआर साह रोड में दुपहिया वाहनों की भीड़ को नियन्त्रित किया जा सकेगा। राजकीय इण्टर कॉलेज अल्मोड़ा, केएमओयू स्टेशन तथा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज अल्मोड़ा के पास भी दुपहिया व चौपहिया वाहनों के लिए पार्किंग का काम प्रारम्भ हो चुका है। इन पार्किंगों के बनने से नगर के मुख्य माल रोड में लगातार लग रहे जाम से मुक्ति मिलेगी तथा वाहन चालकों को अच्छी सुविधा प्राप्त हो सकेगी। लक्ष्मेश्वर में छोटे पार्किंग स्थल का निर्माण किया गया है। लिंक रोड में थपलिया मुहल्ले की बीच अतिक्रमण हटाकर पार्किंग का निर्माण किया गया है, जिससे वहां पार्किंग की अच्छी सुविधा उपलब्ध हो चुकी है। इसके धारानौला रोड में भी दो पार्किंग स्थलों का सुझाव दिया गया है।
पथ प्रकाश पर दिया ध्यान

पालिका के इसी कार्यकाल में पालिका द्वारा नगर की जनता को प्रकाश की सुविधा देने के लिए 200 सौर ऊर्जा के पोल विभिन्न क्षेत्रों में लगाये गये हैं तथा पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए 45 वॉट के लगभग 850 एलईडी लाईटें क्रय की गयी। शासन द्वारा मार्ग प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य निर्माण मदों के लिए मांग माने जाने पर लगभग 6 करोड़ से अधिक के मार्ग प्रकाश एवं निर्माण मदों के प्रस्ताव शासन को भेजे गये हैं, जिनकी स्वीकृति अपेक्षित है।
नाले—नौलों पर करोड़ों खर्च किए

बोर्ड के इस कार्यकाल में लगभग बोर्ड ने 6 करोड़ की धनराशि से नगर में नाले, नालियों एवं शौचालयों का कार्य किया गया। पालिका की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है कि इस वर्ष नगर के लगभग 38 नालों का मास्टर प्लान बनाकर शासन को भेजा गया, जिसके तहत प्रथम चरण के नालों के निर्माण की धनराशि सिंचाई विभाग को प्राप्त हो गयी है तथा उनके द्वारा कार्य प्रारम्भ का जा रहा है। प्रथम चरण का कार्य पूरा होने के बाद द्वितीय चरण का कार्य प्रारम्भ होगा। 18 लाख रुपये की राशि से नगर में विभिन्न स्थानों पर रैलिंग लगाई गई। नगर पालिका क्षेत्रान्तर्गत 38 नौलों के जल संवर्द्धन का कार्य लगभग 78 लाख से कराया गया। साथ ही टाइड मद से बल्ढौटी क्षेत्र में जल संरक्षण एवं जल संवर्द्धन के लिए चाल-खाल आदि का निर्माण कराया गया है, जिससे सुयाल नदी में तथा उक्त क्षेत्र में स्थित नौलों में जल संचय की मात्रा बढ़ेगी।
मिनी स्टेडियम पर जोर सफल, जिम स्थापित

डीनापानी में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए एक मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग बोर्ड ने लगातार की थी, तत्पश्चात एक मिनी स्टेडियम बनाने के कार्य का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने 30 नवंबर 2023 को वर्चुवल माध्यम से कर दिया है। नगर में अभी कुछ दिन पूर्व ही पाण्डेखोला में सेन परिवार के सहयोग से एक सुन्दर ओपन जिम की स्थापना की गयी है। इससे पूर्व नारायण तेवाड़ी देवाल स्थित चिल्ड्रन पार्क में भी एक ओपन जिम लगाया गया है।
पेंशन/उपदान की राशि का भुगतान

पालिका बोर्ड के इस कार्यकाल में सेवानिवृत्त एवं मृतक कर्मचारियों, जिन्हें विगत कई वर्षों से पेंशन/उपादान की राशि का भुगतान नहीं हो पाया था, उन्हें लगभग 5.50 करोड़ की धनराशि का भुगतान किया गया। इसके साथ ही मार्च 2022 तक सेवा निवृत्त कर्मचारियों के अवशेष देयक लगभग 1.58 करोड़ की राशि का भुगतान पालिका के विशेष प्रयासों से इसी बीच किया जा चुका है।
कहीं कार्य गतिमान, तो कहीं प्रस्तावित

पालिका के लगातार प्रयासों से केन्द्र सरकार ने विवेकानन्द पर्यटन सर्किट के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, जिससे आगामी वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में अच्छी सफलता प्राप्त हो सकेगी। नगर में बहुप्रतीक्षित हरि प्रसाद टम्टा रैन बसेरा का निर्माण गतिमान है। जिसमें यहां पर आने वाले यात्रियों, पर्यटकों एवं परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों तथा कई निर्धन लोगों को रात्रि विश्राम की सुविधा मिल पायेगी। नगर में स्वामी विवेकानन्द बाल वाटिका का अवशेष कार्य पूर्ण कराया गया है तथा भविष्य में मूर्ति के नीचे वाले भाग में स्वामी विवेकानन्द पर आधारित एक म्यूजियम का निर्माण किया जाना प्रस्तावित किया गया है। विश्वनाथ घांट में गैस आधारित शवदाह गृह निर्माण के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अन्तर्गत कार्यवाही गतिमान है। बल्ढौटी ट्रचिंग ग्राउण्ड स्थल से अन्यत्र कूड़ा निस्तारण केन्द्र बनाने के काफी प्रयास किये गये है। जिला प्रशासन ने भी इसके लिए स्थल की खोजबीन की, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल पायी। इसके साथ ही ईआईए की भी स्वीकृति अभी तक पालिका प्राप्त नहीं कर पायी है। समस्या को देखते हुए पंडित गोविन्द बल्लभ पन्त हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों के प्रस्तावों पर बोर्ड ने विचार किया, जिसे राज्य सरकार के पास भेजा जा रहा है। नगर के अन्य स्थानों पर भी 25 अण्डर ग्राउण्ड डस्टबिन लगाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
इन कार्यों को भी मिला अंजाम

दुगालखोला में लगभग 60 प्रतिशत मार्ग बनाया जा चुका है, शेष मार्ग को पक्का किये जाने के लिए भी पालिका के प्रयास जारी है। जिला योजना से दूंगाधारा व पूर्वी पोखरखाली मार्ग में सड़क के पुर्ननिर्माण के प्रस्ताव 21 लाख रुपये से प्रारम्भ होने वाले हैं।
जाखनदेवी से लेकर डीएफओ आवास रानीधारा तक टाइल्स बिछाने का कार्य पूरा किया गया। नव सृजित वार्ड रैलापाली में ग्राम वासियों की सुविधा के लिए पेयजल योजना लागू करायी, जिससे उक्त क्षेत्र के काफी परिवार लाभान्वित हुए हैं। नगर के नरसिंहवाड़ी में गोपाल सिंह जीना के मकान से लेकर धारानौला मार्ग तक का मार्ग बनाने का कार्य पूरा हो चुका है। नारायण तेवाड़ी देवाल में एबीसी सैन्टर बनाया जा रहा है। ग्राम ज्योली में गोशाला हेतु भूसा गोदाम का निर्माण किया गया है, जहाँ पर नगर में विचरण कर रही आवारा गोवंश को भेजा जा रहा है।पालिका तथा विभिन्न संगठनों के अनुरोध पर पालिका भवन की छत पर एक सभागार बनाने की घोषणा विधायक मनोज तिवारी ने की है।
पालिका स्टाफ ने दी विदाई

अल्मोड़ा: नगर पालिका परिषद, अल्मोड़ा के बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने से पालिका स्टाफ की ओर से पालिका बोर्ड के अध्यक्ष समेत सभासदों को विदाई दी गयी। इस दौरान उनके कार्यकाल की प्रशंसा की गई। वहीं नगर पालिका के तहबाजारी निरीक्षक/ प्रभारी कार्यालय अधीक्षक कमल कुमार पाठक एवं पालिका वाहन चालक हीरा सिंह को भी सेवानिवृत्त होने पर विदाई दी गयी और उनके सुखमय जीवन की कामना की गयी। विदाई कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी भगत त्रिपाठी, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, कार्यालय अधीक्षक दीप चंद्र जोशी, वैयक्तिक सहायक नवीन चंद्र तिवारी, वर्क एजेंट बसंत बल्लभ पांडे, मुख्य पर्यावरण पर्यवेक्षक राजपाल पवार के अलावा दीपक, माया ऐरी, बसंती बिष्ट, लीला रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *