लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न, प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर बधाई दी

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित…

लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न, प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर बधाई दी

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद भाजपा के वे दूसरे नेता हैं, जिन्हें देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान दिया जाएगा।

अब तक 48 हस्तियों को भारत रत्न दिया जा चुका है। आडवाणी से पहले 23 जनवरी को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न (मरणोपरांत) देने का ऐलान किया गया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां एक्स पर यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। मैंने भी उनसे बात की और इस सम्मान से सम्मानित होने पर उन्हें बधाई दी। हमारे समय के सबसे सम्मानित राजनेताओं में से एक, भारत के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनका जीवन जमीनी स्तर पर काम करने से शुरू होकर हमारे उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करने तक का है। उन्होंने हमारे गृह मंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके संसदीय हस्तक्षेप हमेशा अनुकरणीय और समृद्ध अंतर्दृष्टि से भरे रहे हैं।”

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “देश के वरिष्ठतम नेता और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न की घोषणा अत्यंत सुखद और आनंददाई है। आज़ादी के बाद देश के पुनर्निर्माण में आडवाणी जी की अहम भूमिका रही है। आडवाणी जी राजनीति में शुचिता के जीवंत उदाहरण है। आडवाणी जी को ‘भारत रत्न’ घोषित करने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को धन्यवाद देता हूं तथा आडवाणी जी के स्वस्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, “भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, असंख्य कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री आदरणीय श्री लाल कृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का निर्णय, उनके सार्वजनिक जीवन में दशकों की सेवा, प्रतिबद्धता और राष्ट्र की अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता तथा राजनैतिक जीवन में शुचिता व नैतिकता के उच्च मानक स्थापित करने वाले उनके अद्वितीय प्रयासों को सम्मान प्रदान करने वाला है। राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में किए गए उनके अथक प्रयास हम सभी के लिए अद्वितीय प्रेरणा के स्रोत हैं। आदरणीय आडवाणी जी को हार्दिक बधाई!”

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, ”यह हमारे लिए अत्यंत हर्ष एवं प्रसन्नता का क्षण है कि हम सभी के मार्गदर्शक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाएगा। आडवाणी जी भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष होने के साथ ही शुचिता और प्रतिबद्धता के सशक्त प्रतीक हैं। श्री राम मंदिर निर्माण आंदोलन में भी आपकी भूमिका एक मजबूत स्तम्भ के रुप में रही, जो हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। अपने दूरदर्शी नेतृत्व से भारत के विकास में उपप्रधानमंत्री, गृह मंत्री, सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में आपके द्वारा दिया गया अभूतपूर्व योगदान अविस्मरणीय है। केन्द्र सरकार द्वारा आडवाणी जी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय अत्यंत अभिनंदनीय है।

भाजपा के फाउंडर मेंबर्स, 7वें उपप्रधानमंत्री रहे

आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 7वें उपप्रधानमंत्री रहे। इससे पहले 1998 से 2004 के बीच NDA सरकार में गृहमंत्री रहे। वे भाजपा के फाउंडर मेंबर्स में शामिल हैं।

2015 में आडवाणी को पद्म विभूषण दिया गया

इससे पहले 2015 में आडवाणी को देश के दूसरे सबसे नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। इसी साल पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी को भारत रत्न दिया गया था। तब के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी खुद उनके घर गए थे और उन्हें यह सम्मान दिया गया था।

वाजपेयी तब 90 साल के थे और अस्वस्थ थें। मुखर्जी ने प्रोटोकोल से हट कर पूर्व प्रधानमंत्री के कृष्ण मेनन मार्ग स्थित निवास पर जाकर उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। वाजपेयी के अलावा इसी साल प्रख्यात शिक्षाविद और स्वतंत्रता सेनानी महामना मदन मोहन मालवीय को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *