हेलमेट, लाइसेंस और वाहन दस्तावेजों की हुई जांच, कई वाहनों के चालान
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से क्वारब पुलिस चौकी द्वारा सोमवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चौकी इंचार्ज अरुण राणा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया वाहन, टैक्सी, ट्रक तथा अन्य वाहनों की गहन जांच की गई।

चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक दस्तावेज, बीमा, पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा अन्य जरूरी कागजातों का सत्यापन किया गया। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 4 हजार के चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन की अपील
चौकी इंचार्ज अरुण पंत ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से हेलमेट पहनने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की।
नियम तोड़ने वालों को दी सख्त चेतावनी
चौकी इंचार्ज अरुण राणा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग, बिना वैध लाइसेंस अथवा आवश्यक कागजात के वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा भविष्य में भी नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। चेकिंग अभियान के दौरान चौकी इंचार्ज अरुण पंत के साथ पुलिस कर्मी गोपाल सिंह बिष्ट, रीता, चंदन भंडारी और विजय आगरी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



