►► अल्मोड़ा सूचना कार्यालय में आयोजन, विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बुधवार को यहां जिला सूचना कार्यालय में सूचना विभाग की ओर से आयोजित ‘पत्रकार संवाद कार्यक्रम’ खासकर जन मुद्दों समेत पत्रकारों की समस्याओं और प्रेस व प्रशासन के आपसी समन्वय पर केंद्रित रहा। जिसमें विस्तृत चर्चा हुई। यह कार्यक्रम प्रेस व प्रशासन के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ।
चर्चा के दौरान अल्मोड़ा के पत्रकारों ने पत्रकारों की समस्याओं, प्रेस और प्रशासन के बीच समन्वय, जन समस्याओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा सूचना विभाग और प्रेस के बीच समन्वय बढ़ाने जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की। पत्रकारों ने विचार रखते हुए पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुविधाओं का विकास करने, बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने, पत्रकार कल्याण कोष, प्रेस मान्यता के नियमों को शिथिल करने, पत्रकार पेंशन के नियमों को व्यावहारिक बनाना तथा पत्रकारों से जुड़ी योजनाओं में जिलाधिकारी तथा जिला सूचना अधिकारी की भूमिका बढ़ाने की मांगें उठाईं और इन मांगों पर शासन-प्रशासन से त्वरित एवं सकारात्मक कार्यवाही करने का अनुरोध किया। इसके अलावा पत्रकारों ने कहा कि जिला स्तरीय पत्रकार स्थाई समिति की बैठकें नियमित तरीके से हों।
इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए पत्रकार संवाद का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं को सुनना, प्रेस और प्रशासन के बीच के समन्वय को सुदृढ़ करना तथा सरकार की योजनाओं और नीतियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना है। जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल ने कहा कि सूचना विभाग पत्रकारों की मांगों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों और सुझावों को सक्षम स्तर पर पहुंचाया जाएगा तथा सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। इस मौके पर अपर जिला सूचनाधिकारी सुंदर गौतम, प्रेस क्लब के अध्यक्ष जगदीश जोशी, सचिव अशोक पांडे, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पंत आदि समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।


