बहुउद्देशीय शिविरों में मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं विकास’ पखवाड़े के तहत शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बागेश्वर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी, स्वरोजगार एवं विकासपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों से अवगत कराया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

महालक्ष्मी किट का वितरण, उद्योग विभाग ने दिए 20.50 लाख के ऋण
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग ने पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। वहीं उद्योग विभाग की ओर से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20.50 लाख रुपये की ऋण सहायता लाभार्थियों को प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को लाभान्वित किया।
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत डिग्री कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
विशेष अभियान के तहत दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। साथ ही लोगों को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान तथा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने के साथ ही सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिले के समस्त विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



