जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश
निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। कांडा रोड स्थित गाड़गांव-कांडाधार में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कार्य सितंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा। शनिवार को जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
आवासीय कॉलोनी, खेल मैदान और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी, खेल मैदान, कार्यालय भवन, कक्षाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
27.72 करोड़ की लागत से बन रहा है विद्यालय भवन
निरीक्षण के दौरान मुकेश कुमार चुनेरा ने बताया कि 1.60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 27.72 करोड़ रुपये की लागत से केंद्रीय विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक लगभग 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य सितंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान दीपक चमोली, चंद्रशेखर तिवारी, भुवन चंद्र सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



