अल्मोड़ा में उमंग व जोश से वातावरण में बही देशभक्ति की बयार (पढ़िये विस्तृत खबर)

पूरे जनपद में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ भव्यता से मनाई, चहुंओर लहराया तिरंगा प्रभात फेरी, तिरंगा शोभायात्रा, राष्ट्रप्रेम के सुरों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा…

  • पूरे जनपद में स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ भव्यता से मनाई, चहुंओर लहराया तिरंगा
  • प्रभात फेरी, तिरंगा शोभायात्रा, राष्ट्रप्रेम के सुरों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा

स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ जिला मुख्यालय अल्मोड़ा समेत जनपदभर में भव्यता व जोश के साथ मनाया गया। चहुंओर हाथ-हाथ में लहराता तिरंगा, वंदेमातरम् व भारत माता की गूंज, राष्ट्र प्रेम के गीतों के स्वरों ने पूरे माहौल में देशभक्ति की बयार बहा दी। भव्य प्रभात फेरी व तिरंगा शोभायात्रा, देशभक्ति गीतों व नारों ने माहौल में उमंग व जोश भरा।

स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ आज जनपद में भव्य रूप से मनाई गई। जगह-जगह इस पर्व को बड़े धूमधाम से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पूर्वाह्न भव्य तिरंगा शोभायात्रा आयोजित हुई। तिरंगा शोभायात्रा नगर के माल रोड में चैघानपाटा से शुरू हुई, जो स्टेडियम पहुंचकर समारोह में तब्दील हो गई। शोभा यात्रा में छोलिया नृतकों की टोली ने गीतों व नृत्य के जरिये चार चांद लगाए। देशभक्ति गीतों, वंदे मातरम् व भारत माता की जय के नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो गया। पैदल शोभायात्रा में मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाधिकारी वंदना सिंह, सीडीओ अंशुल सिंह, एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी समेत कई अधिकारी व कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक शामिल रहे। लोगों तथा समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा क्षेत्रीय जनता द्वारा प्रतिभाग किया गया।

तिरंगा शोभायात्रा स्टेडियम में पहुंचने के बाद मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा द्वारा ध्वजारोहण किया तथा सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। स्टेडियम में विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टाल सजे थे। जिनका सांसद व डीएम ने निरीक्षण किया। इसके बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं समेत सूचना विभाग एवं संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगाए। देशभक्ति गीतों एवं प्रस्तुतियों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। विवेकानंद स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा दिशा जोशी के योग नृत्य ने खूब वाहवाही लूटी। इस प्रस्तुति के लिए दिशा को पुरस्कृत भी किया गया।

समारोह में महिला सशक्तिकरण, कृषि, चिकित्सा, निर्वाचन, खेल तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉपर रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुएं कहा कि देश अपनी आजादी का 75वीं वर्षगांठ अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान चलाया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी दी और कहा कि लाल बहादुर शास्त्री के जय जवान जय किसान, अटल बिहारी वाजपेई के जय विज्ञान के बाद नरेंद्र मोदी द्वारा जय अनुसंधान के नारे के अनुरूप देश निरंतर तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के गौरव तथा विरासत को बनाए रखने के लिए सभी अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने भी सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सीडीओ अंशुल सिंह, डीडीओ केएन तिवारी समेत जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक, दर्शक, स्कूली बच्चे व शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहीं।
एसएसपी ने फहराया ध्वज, शपथ दिलाई

अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस पर एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने पुलिस लाईन अल्मोड़ा में ध्वजारोहण किया तथा उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को याद किया और देश की एकता, अखंडता, धर्म निरपेक्षता और आपसी सौहार्द्र बनाये रखने की अपील की। एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करने व राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए तन-मन से योगदान देने की शपथ दिलाई गई। सीओ विमल प्रसाद ने पुलिस कार्यालय में ध्वज फहराया जबकि सभी थाना व चैकी प्रभारियों अपने-अपने थानों व चैकियों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान जोश व उत्साह के साथ वन्देमातरम् व भारत माता की जय के नारों की गंूज से वातावरण में देशभक्ति की लहर फैल गई। पुलिस लाइन में कार्यक्रम के दौरान सीओ आपरेशन ओशिन जोशी, प्रतिसार निरीक्षक जितेन्द्र पाठक, उमाशंकर पाण्डे, पीएसी कंपनी कमांडर योगेन्द्र देव व अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
सुबह प्रभात फेरी से जगी देशभक्ति की अलख

अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर आज प्रातः नंदादेवी मंदिर परिसर से भव्य व मनमोहक प्रभात फेरी निकाली गई। यह रैली मुख्य पटाल बाजार से होते हुए चैघानपाटा पहुंचकर संपन्न हुई, जहां गांधी पार्क में महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए गए। इस रैली में नगर के गणमान्य व्यक्तियों समेत जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान देशभक्ति गीतों, नारों एवं गाजे-बाजों के मधुर स्वर वातावरण में गुंजायमान रहे। रैली में प्रमुख रूप से विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, एसडीएम सदर गोपाल सिंह चैहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुभाष चन्द्र भट्ट, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत अन्य अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इको पार्क में भी झंडारोहण

अल्मोड़ा। स्टेडियम में कार्यक्रम के बाद सांसद अजय टम्टा तथा जिलाधिकारी वंदना ने सिमतोला इको पार्क पहुंचे। जहां निर्मित अमृत सरोवर का उद्घाटन किया तथा झंडारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी ने बताया कि जिले में कुल 79 अमृत सरोवरों में से आज स्वतंत्रता दिवस तक 32 सरोवर बनकर तैयार हो गए हैं। सांसद अजय टम्टा ने अमृत सरोवर परियोजना की महत्ता पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात सांसद व डीएम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों के प्रति जागरूक करने तथा उसके स्थान पर अन्य विकल्पों का उपयोग करने के लिए जागरूकता वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंशुल सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, तहसीलदार कुलदीप पांडे समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *