╰┈➤ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं सैन्य परिवारों के लोगों का सम्मान
╰┈➤ स्वस्थ समाज के लिए नशे का प्रतिकार करें: डा. अजय पाल
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित सोमेश्वर विधानसभा के कंडारखुआ क्षेत्रांतर्गत सर्वाधिक आबादी वाले गांव सूरी में बीते रविवार को व्यापक चहल पहल रही। ताड़ीखेत ब्लाक के ग्राम सूरी स्थित स्वतंत्रता संग्राम शहीद सैनिक स्मारक स्थल पर सजे भव्य पंडाल में बीते रविवार को सैकड़ों मरीज उमड़े। दरअसल, क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य असुविधा की पीड़ा को हल्द्वानी के नामी ‘बृजलाल हास्पिटल’ के निदेशक एवं वरिष्ठ आर्थोपेडिक एंड ट्रामा सर्जन डा. अजय पाल ने समझा और उन्होंने सूरी में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। जहां डा. अजय पाल के नेतृत्व में हल्द्वानी से डाक्टरों की टीम ने पहुंचकर सैकड़ों मरीजों का चेकअप किया और उचित परामर्श देकर उपचार के लिए मरीजों को मुफ्त दवाएं दीं। (आगे पढ़िये…)
कैंप के लिए चुना उचित स्थान

बड़ी आबादी वाले सूरी गांव एवं उसके आसपास के करीब दर्जनभर गांवों के लिए करीब पर स्वास्थ्य सुविधाएं आज भी सपना है। वहां स्वास्थ्य सेवा के नाम पर सिर्फ एक एएनएम सेंटर है, इसके बाद हर उपचार के लिए दूर खैरना, रानीखेत या फिर अल्मोड़ा जाना पड़ता है। इसी समस्या को देखकर स्वास्थ्य शिविर हेतु इस जगह को चुना गया, ताकि जरूरतमंद लोग कैंप का लाभ उठा सकें। इस शिविर को लगाने के लिए क्षेत्र के लोगों ने बृजलाल हास्पिटल हल्द्वानी के निदेशक डा. अजय पाल सिंह और शिविर के संयोजक सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह फर्त्याल का आभार भी जताया। गांव में शिविर लगने से लोगों में उत्सकुता रही। शिविर बीते रविवार यानी 25 अक्टूबर 2026 को लगा। (आगे पढ़िये…)
शिविर का लाभ लेने के लिए लगी होड़

शिविर का उद्घाटन सुबह 10 बजे शुरू हुआ, तो उससे पहले ही अपना चेकअप कराने के लिए ग्रामीणों का पहुंचना शुरू हो गया। पर्चा कटवाने के लिए लंबी लाइन देखी गई। शिविर में पहुंचे 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का चेकअप करते हुए स्वास्थ्य परामर्श दिया। इसके अलावा ब्लड प्रेसर, शुगर व ईसीजी की जांचें भी मुफ्त हुई। शिविर में बुखार, वायरल, पेट, हाथ, पैर व कमर दर्द, हड्डी आदि से संबंधित परेशानियों को लेकर पहुंचे। वहीं महिलाओं से संबंधित परेशानियों को लेकर कई महिलाएं पहुंची थीं। जिन्हें चिकित्सकों ने उपचार दिया। शिविर से लोग मुफ्त दवांए लेकर निकले। करीब साढ़े तीन सौ मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। शिविर में डा. अजय पाल समेत फिजीशियन डा. राजेश चौरसिया, कार्डियोलॉजिस्ट डा. विजय गैरोला, जनरल सर्जन लैप्रोस्कोपी डा. अमरेंद्र कुमार, वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डा. सुमित राणा, बाल रोग विशेषज्ञ डा. हिमानी शर्मा व गाइकोनोलॉजिस्ट डा. प्रियल तिवारी आदि शामिल रहे। (आगे पढ़िये…)
शिविर में कई लोग सम्मानित
आयोजकों की ओर से शिविर के मौके पर डा. अजय पाल सिंह ने क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों, सैन्य परिवारों के लोगों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों को फूलमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। जिनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के मथुरा सिंह, मोहन सिंह, नीमा देवी, गोधन सिंह, दीपा देवी, नीमा देवी, त्रिलोक सिंह, कमला देवी, डुंगर सिंह, जोगा सिंह, भावना देवी, रेवा दत्त, दीपा देवी और सैन्य परिवारों से प्रताप सिंह, रघुवर दत्त, वीर सिंह, कैलाश सिंह, अशोक छिमवाल, जयंत राम, टीका राम, चंदन सिंह पुत्र बहादुर सिंह, हरक सिंह परिहार, चंदन सिंह पुत्र उमेद सिंह, चंदन सिंह पुत्र नारायण सिंह, पना देवी पत्नी मदन सिंह, दीपा देवी पत्नी जगदीश सिंह, हरूली देवी पत्नी किशन सिंह, प्रताप सिंह व जैंत सिंह आदि शामिल रहे। इनके अलावा ताड़ीखेत की पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख माधवी देवी फर्त्याल, पूर्व प्रधान हरक सिंह, जगदीश सिंह व दीपा देवी व अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। (आगे पढ़िये…)
डा. पाल और चिकित्सा टीम का स्वागत
शिविर में पहुंचने पर संयोजक देवेंद्र सिंह फर्त्याल, जिला पंचायत सदस्य निशा कनवाल, गोपाल सिंह कनवाल समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने डा. अजय पाल सिंह समेत उनके साथ आए चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ का स्वागत किया। शिविर के उद्घाटन पर डा. अजय पाल ने कहा कि उनका प्रयास गांव गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं देना है। उन्होंने कहा कि वे दवा के साथ दुआएं देना जरूरी समझते हैं और नशे के खिलाफ हैं। उन्होंने नशे से दूर रहने पर खासा जोर दिया और नशे के प्रचलन को जड़ से समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने नशे से पहाड़ में स्वास्थ्य पर पड़ रहे विपरीत असर भी बताए। साथ ही भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए उनके कदम सदैव आगे बढ़ते रहेंगे। कार्यक्रम का शानदार संचालन सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह फर्त्याल ने किया।










