सीएनई रिपोर्टर, रामगढ़ (नैनीताल)
विकासखंड रामगढ़ के अंतर्गत ग्राम सिरसा में गुलदार की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई कर गुलदार को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज कुमार एवं ग्राम प्रधान भुवन चंद्र ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि ग्राम सिरसा के तोक खीनापानी क्षेत्र में गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गुलदार की आबादी क्षेत्र में लगातार आवाजाही से लोग भयभीत हैं और खेत-खलिहान तक जाने से डर रहे हैं।
नीरज कुमार ने उत्तरी गोला रेंज नथुवाखान (नैनीताल) के वन क्षेत्राधिकारी को दिए ज्ञापन में मांग की कि शीघ्र ही पिंजरा लगाकर गुलदार को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर पकड़ा व छोड़ा जाए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इसी क्रम में ग्राम प्रधान भुवन चंद्र ने भी वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग दोहराई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भय के साये में जी रहे हैं और बच्चों को भी बाहर खेलने भेजना मुश्किल हो गया है।
🌲 वन विभाग की टीम ने किया क्षेत्र का निरीक्षण, लगाया ट्रैप कैमरा
इस संबंध में बुधवार को वन विभाग की एक टीम ग्राम चौनीखेत पहुँची, जहाँ उन्होंने ग्राम प्रधान सिरसा एवं ग्रामीणों के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया।
इस निरीक्षण टीम में अनुभाग अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा, वन आरक्षी विपिन बिष्ट, वाचर दिवान बिष्ट और ग्राम प्रधान भुवन चंद्र शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान चौनीखेत क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए ट्रैप कैमरा भी स्थापित किया गया। अनुभाग अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा —
- घरों के आसपास झाड़ियाँ साफ रखें
- रात के समय प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखें
- रात में घर के अंदर ही रहें
- विशेष रूप से बच्चों पर निगरानी रखें
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर है तथा जल्द ही उचित कार्रवाई कर गुलदार को पकड़ा जाएगा।

