उत्साह के साथ मनाया गया मदर्स डे
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बीयरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हीरा डूंगरी (भवानी दत्त परिसर) में मातृ दिवस का पर्व बेहद उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 3 से कक्षा 5 तक के छात्र-छात्राओं की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।



कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती दीपिका विल्सन एवं प्रधानाचार्य श्री हरीश कांडपाल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यालय परिसर पहुँचने पर सभी सम्मानित माताओं का हार्दिक अभिनंदन और स्वागत किया।
समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर ‘स्वागत गीत’ से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमयी बना दिया। इसके पश्चात छोटे बच्चों ने मातृ दिवस पर आधारित कई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों का दिल जीत लिया और सभी ने करतल ध्वनि से नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मातृ शक्ति की महत्ता पर प्रकाश
विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर ने अपने संबोधन में माताओं को ‘ईश्वर की अनुपम रचना’ बताया। उन्होंने कहा कि माँ का स्नेह, सहयोग और सही मार्गदर्शन ही बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, जिससे वे शिक्षा और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं के निरंतर सहयोग की सराहना की।
प्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एक सुंदर एवं भावपूर्ण स्वरचित कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता माताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों—संस्थापक प्रबंधक श्रीमती निरुपमा भट्ट तलवार, सचिव तिलक राज तलवार, अध्यक्ष निरूपेंद्र तलवार एवं श्रीमती मुस्कान तलवार ने सभी अभिभावकों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और मातृ दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का समापन जलपान और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


