AlmoraPauri GarhwalUttarakhand
Good Job : घर से 100 किमी दूर भटकती मिली महिला, देवदूत बनी पुलिस
घर तक छोड़ने गई पुलिस, परिजनों के किया सुपुर्द

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
जनपद के भतरौजखान क्षेत्र में भटक रही एक अंजान महिला के लिए पुलिस मानो देवदूत बन गई। उक्त महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अपने घर से सौ किलोमीटर दूर पहुंच चुकी थी। पुलिस ने महिला को न केवल अपने संरक्षण में लिया, बल्कि पौड़ी गढ़वाल जाकर सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द भी किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना भतरौजखान पुलिस टीम क्षेत्र में भटक रही मानसिक रुप से अस्वस्थ महिला को 100 कीलोमीटर दूर पौड़ी गढ़वाल जाकर उसके परिजनों के सकुशल सुपुर्द कर आयी है। इस पुनीत कार्य के लिए अल्मोड़ा पुलिस टीम की काफी सराहना हो रही है।
भटकती मिली महिला
घटनाक्रम के अनुसार गत 16 मार्च, 2025 की रात्रि भतरौजखान पुलिस को एक महिला भौनखाल क्षेत्र में भटकते हुए मिली, जो मानसिक रुप से अस्वस्थ्य प्रतीत हो रही थी। अपना नाम—पता भी नहीं बता पा रही थी। जिसे सुरक्षा की दृष्टि के महिला पुलिसकर्मियों की देख-रेख में थाना भतरौजखान दाखिल किया गया।
थानाध्यक्ष भतरौजखान सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा महिला के परिजनों के संबंध में सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से जानकारी जुटानी शुरु की गयी। टीम के अथक प्रयासों से महिला के परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।
गत दिवस मंगलवार को पुलिस टीम द्वारा निजी वाहन से महिला के निवास स्थान लगभग 100 किलोमीटर दूर थलीसैड़ क्षेत्र जनपद पौड़ी गढ़वाल में जाकर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। जिस पर परिजनों द्वारा अल्मोड़ा पुलिस टीम का आभार जताया गया। भतरौजखान पुलिस टीम में चौकी प्रभारी भौनखाल एएसआई मोहन चंद्रा, हेड कांस्टेबल देवेंद्र गोस्वामी व महिला कांस्टेबल पूजा देवी शामिल रहे।