╰┈➤ सिकुड़ा बैंड स्थित धौनी पार्क में पौत्र भूपेंद्र नेगी ने किया माल्यार्पण
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं सबसे पहले जय हिंद का नारा देने वाले राष्ट्रभक्त राम सिंह धौनी को यहां पुण्यतिथि पर भावपूर्ण तरीके से याद किया गया। स्वतंत्रता सेनानी राम सिंह धौनी ट्रस्ट की ओर से सिकुड़ा बैंड तिराहे पर स्थित राम सिंह धौनी पार्क में पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां स्व. राम सिंह धौनी की आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजंलि देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ट्रस्ट के सचिव एवं स्व. राम सिंह धौनी के पौत्र भूपेंद्र नेगी ने उनकी आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि रामसिंह धौनी ने देश को आजादी दिलाने में काफी संघर्ष झेले और कई बार भूमिगत रहकर उन्होंने आजादी की अलख जगाई। इतना ही नहीं शक्ति अखबार का सफल संपादन करते हुए उन्होंने तीखी लेखनी चलाई। इस मौके पर देश की आजादी में स्व. धौनी के योगदान को याद करते हुए ट्रस्ट ने पौधार मोटरमार्ग का नामकरण रामसिंह धौनी के नाम से करने की मांग उठाई। इसके अलावा शासन प्रशासन से पार्क के सामने स्थित टैक्सी स्टेंड का नाम भी उन्हीं के नाम पर रखने की मांग की। कार्यक्रम में गोपाल सिंह नयाल, बसंत तिवारी, हीरा सिंह बिष्ट, पंकज टम्टा, भगवती परिहार, सुनीता बिष्ट, हरिता नेगी, दीवान सिंह बिष्ट, देव सिंह, भूपेंद्र नेगी सहित कई लोग मौजूद रहे।
































