╰┈➤ कण्डारखुआ क्षेत्र से जिलाध्यक्ष भोज ने किया अभियान का शुभारंभ
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस की ओर से प्रदेश की भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज गुरूवार को ताड़ीखेत ब्लाक अंतर्गत कण्डारखुआ क्षेत्र में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी कर हस्ताक्षर किए और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज किया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा के सत्तासीन रहते उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों का बोलबाला है। जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और विकास कार्यों में अनियमितताओं से परेशान है। आरोप लगाया कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों का समाधान करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री आरोपों से घिरे हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। यही मांग कांग्रेस पार्टी उठा रही है और इसीलिये हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को उजागर करेगी। प्रदेश में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की मांग को लेकर जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने जनता से इसमें सहयोग की अपील की।
































