╰┈➤ डंपिंग जोन में लगी आग की चपेट में आ गए दो चौपहिया वाहन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के रानीखेत में दो दिनों में दो अलग अलग आग की घटनाओं में चार वाहन जल कर राख हो गए। जिससे वाहन स्वामियों को बड़ा नुकसान हुआ है, हालांकि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। दो चौपहिया वाहन डंपिंग जोन में लगी आग की चपेट में आ गए।
आज गुरूवार सुबह करीब पौने नौ बजे रानीखेत फायर यूनिट को सूचना मिली कि रानीखेत में पाठक बेकरी के पास में आग लगी है। सूचना पाते ही फायर यूनिट घटनास्थल पर पहुंची, जहां पाया कि आग लगने से स्कूटी संख्या यूके 01बी 1324 पूर्णरूप से जल चुकी थी और वहीं खड़ी बाइक डी l9एसडब्ल्यू 8654 आंशिक रूप से जल चुकी है। फायर यूनिट के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने अपने प्रयासों से आग बुझा दी थी। इस घटना में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
इससे पहले बीते बुधवार को रानीखेत के गनियाद्योली में एसएसबी कैंप के निकट वाहन में आग लगने की घटना हुई। सूचना पर फायर यूनिट मौके पर पहुंची। जहां पाया कि डंपिंग जोन के पास आग लगी है। जिसकी चपेट में आकर अल्टो कार संख्या UK 01TA 2669 आ गई और पूरी तरह से जल गई जबकि वहीं दूसरा वाहन संख्या UK 01B 4961 आंशिक रूप से जल गया था। फायर यूनिट रानीखेत एवं कोतवाली रानीखेत पुलिस ने संयुक्त प्रयासों से डंपिंग जोन में लगी आग को पूर्ण रूप से बुझाया।
































