कार पर लगा था ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, चेकिंग में खुला पूरा फर्जीवाड़ा
CNE REPORTER, हल्द्वानी। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने एक युवक को कथित तौर पर फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो अधिकारी बनकर घूमते हुए पकड़ा है। आरोपी नीली बत्ती लगी हुंडई कार में सवार था और कार पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड भी लगा हुआ था। पुलिस को तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो पहचान पत्र एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली एयरगन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने रौब दिखाने के लिए एयरगन रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद नैनीताल में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा वाहनों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी थाना क्षेत्र में भी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या यू.पी. 25 सी.एस. 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती के साथ ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर कार को रोककर चालक से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में चालक ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो अधिकारी बताया और पुलिस के सामने एक पहचान पत्र प्रस्तुत किया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस द्वारा जब उसके पद, नियुक्ति और पहचान से संबंधित जानकारी मांगी गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और पूछताछ के दौरान सकपकाने लगा। पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।
डैशबोर्ड की तलाशी में सामने आया फर्जीवाड़ा
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो पहचान पत्र, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी हुंडई कार तथा ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एयरगन रौब दिखाने के उद्देश्य से अपने पास रखी थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद इंटेलिजेंस ब्यूरो का पहचान पत्र और उससे संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर कपटपूर्वक स्वयं को इंटेलिजेंस ब्यूरो अधिकारी/जवान के रूप में प्रदर्शित कर रहा था और फर्जी पहचान पत्र एवं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था। नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ के बोर्ड वाली कार का इस्तेमाल भी इसी तरह रौब जमाने के लिए किए जाने की आशंका जताई गई है।
आरोपी गिरफ्तार, कार सीज
मामले में थाना हल्द्वानी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बरामद हुंडई कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद फर्जी पहचान पत्र एवं दस्तावेजों के संबंध में भी जांच की जा रही है कि इन्हें कहां और किस उद्देश्य से तैयार कराया गया था तथा आरोपी ने इनका इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक एवं प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह, कांस्टेबल मो. अजहर तथा कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने, सरकारी पद का दुरुपयोग करने अथवा पुलिस या किसी सरकारी अधिकारी के रूप में रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




